BSNL का ये बटन वाला फोन आखिर iPhone 17 Pro से भी महंगा क्यों है? जानें वजहें

बीएसएनएल सैटेलाइट फोन (Photo: AI Generated)
BSNL का नया सैटेलाइट फोन ₹1.34 लाख की कीमत के साथ लॉन्च हुआ है. ये iPhone 17 Pro से भी महंगा है. इसकी वजह सैटेलाइट-बेस्ड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी, खास हार्डवेयर और लिमिटेड प्रोडक्शन है. यह फोन बिना मोबाइल नेटवर्क के भी कॉल और SMS कर सकता है.
BSNL ने भारत में अपना सैटेलाइट फोन लॉन्च किया है. इसकी कीमत ₹1,34,166 रखी गई है. दिलचस्प बात यह है कि इसकी कीमत Apple के iPhone 17 Pro से भी ज्यादा है. अब यह सुनकर थोड़ी हैरानी जरूर हो सकती है. आखिर एक ऐसा फोन, जो देखने में पुराने फीचर फोन जैसा लगता है, उसकी कीमत एक प्रीमियम स्मार्टफोन से भी ज्यादा क्यों है? जब iPhone 17 Pro शानदार कैमरा, ढेरों ऐप्स, गेमिंग और इमरजेंसी के लिए सैटेलाइट कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं देता है, तो फिर इस सैटेलाइट फोन की कीमत इतनी ज्यादा होने की वजह क्या है? आइए इसी सवाल का जवाब जानते हैं.
क्या है BSNL सैटेलाइट फोन?
BSNL का यह नया हैंडसेट Global Satellite Phone Service (GSPS) का हिस्सा है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह मोबाइल टावरों पर डिपेंड नहीं रहता, बल्कि सीधे सैटेलाइट से कनेक्ट होता है. यानी जहां मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह गायब हो, वहां भी इस फोन से वॉयस कॉल की जा सकती है और SMS भेजे जा सकते हैं.
BSNL के मुताबिक, यह फोन खास तौर पर आर्मी के जवान, समुद्री क्षेत्र में काम करने वालों, आपदा राहत टीमों, खनन कंपनियों, दूर-दराज के फैक्ट्रियों वाले इलाके, तीर्थयात्रियों और एडवेंचर ट्रैवलर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इतना ही नहीं, किसी आपदा के समय या ऐसी इमरजेंसी सिचुएशन में, जब मोबाइल टावर काम करना बंद कर दें, तब भी इस फोन से लोगों से बात की जा सकेगी. फोन को मजबूत (रग्ड) डिजाइन के साथ तैयार किया गया है. इसमें लंबी बैटरी लाइफ, वॉयस कॉलिंग और SOS इमरजेंसी फीचर जैसे जरूरी फीचर्स दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें: 6500mAh बैटरी और 44W फास्ट चार्जिंग के साथ आ रहा Vivo T5 Lite 5G, लॉन्च डेट हुई कन्फर्म
क्यों BSNL सैटेलाइट फोन है इतना महंगा?
अगर आपके मन में भी सवाल है कि BSNL का सैटेलाइट फोन इतना महंगा क्यों है, तो इसकी सबसे बड़ी वजह इसकी टेक्नोलॉजी है. दरअसल, एक नॉर्मल स्मार्टफोन कॉल या इंटरनेट के लिए पास के मोबाइल टावर से कनेक्ट होता है. वहीं BSNL का सैटेलाइट फोन सीधे आसमान में मौजूद सैटेलाइट से जुड़ता है. इसके लिए Inmarsat जैसी ग्लोबल सैटेलाइट कंपनियों की मदद ली जाती है. यही वजह है कि इसमें खास तरह का हार्डवेयर, पावरफुल एंटीना और सैटेलाइट कम्युनिकेशन सिस्टम लगाया जाता है. इन सब की कीमत नॉर्मल स्मार्टफोन के मुकाबले काफी ज्यादा होती है.
सैटेलाइट फोन को नॉर्मल स्मार्टफोन की तरह बढ़ी संख्या में नहीं बनाए जाते. इन्हें बहुत कम बनाया जाता है, इसलिए इन्हें बनाने की लागत ज्यादा पड़ती है. यही नहीं, सिर्फ फोन खरीद लेना ही काफी नहीं होता. इसे चलाने के लिए अलग से सैटेलाइट वाला प्लान लेना पड़ता है. यह प्लान नॉर्मल मोबाइल रिचार्ज की तुलना में काफी महंगा होता है.
iPhone के सैटेलाइट फीचर से कितना अलग है BSNL का सैटेलाइट फोन?
अगर आपको लगता है कि Apple के iPhone में मिलने वाला Emergency SOS via Satellite और BSNL का Satellite Phone एक जैसी टेक्नोलॉजी पर काम करते हैं, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है. Apple के iPhone में दिया गया Satellite फीचर सिर्फ इमरजेंसी के लिए बनाया गया है. यानी अगर आप ऐसी जगह फंस जाएं, जहां न मोबाइल नेटवर्क हो और न ही Wi-Fi, तब आप सैटेलाइट की मदद से इमरजेंसी सर्विस से कॉन्टैक्ट कर सकते हैं या अपनी लोकेशन शेयर कर सकते हैं. यह रोजमर्रा में कॉलिंग के लिए नहीं है.
वहीं, BSNL का Satellite Phone पूरी तरह अलग तरीके से काम करता है. यह सिर्फ सैटेलाइट के जरिए काम करने वाला कम्युनिकेशन डिवाइस है, जो मोबाइल टावरों पर डिपेंड नहीं रहता. इसकी मदद से दूर-दराज या नेटवर्क-रहित इलाकों में भी आप कॉल कर सकते हैं और SMS भेज सकते हैं. यानी इसे लगातार इस्तेमाल करने के लिए बनाया गया है, सिर्फ इमरजेंसी के लिए नहीं.
ये भी पढ़ें: Tecno Camon 50 Ultra 5G की भारत में एंट्री पक्की, लॉन्च डेट और कलर वेरिएंट की डिटेल्स आई सामने
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ankit Anand
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










