पहले CEO की कुर्सी गई, फिर हुई वापसी! Jensen Huang से Steve Jobs तक, 5 फाउंडर्स की कहानी
इन पांच टेक फाउंडर्स को वापस मिली उनकी कुर्सी (फोटो- एआई)
हाल ही में Nvidia के को-फाउंडर Jensen Huang की अपने कंपनी में वापसी हो गई है. हालांकि, यह पहली बार नहीं जब किसी सीईओ को अपना पद छोड़ने के बाद वापस कंपनी में लाया गया हो. टेक इंडस्ट्री में कई फाउंडर्स को अपनी ही कंपनी में CEO पद छोड़ना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और दोबारा कमान संभाली. इस लिस्ट में Jensen Huang, Steve Jobs, Sam Altman समेत 5 टेक फाउंडर्स का नाम शामिल है. ऐसे में चलिए इनकी कहानी को आसान भाषा में समझते हैं.
किसी कंपनी को खड़ा करना आसान नहीं होता, लेकिन जिस कंपनी को आपने बनाया हो, उसी से बाहर होना और फिर वापस उसकी कमान संभालना अपने आप में बड़ी बात है. टेक इंडस्ट्री में ऐसे कई उदाहरण हैं, जहां कंपनी के फाउंडर्स को कुर्सी छोड़नी पड़ी, लेकिन कुछ समय बाद उन्होंने दोबारा वापसी की. किसी की वापसी कुछ दिनों में हुई, तो किसी को इसके लिए सालों इंतजार करना पड़ा.
हाल ही में Nvidia के को-फाउंडर Jensen Huang की CEO पद पर वापसी ने एक बार फिर ऐसी कहानियों की चर्चा शुरू कर दी है. हालांकि, यह पहली बार नहीं जब किसी सीईओ को हटाये जाने के बाद दुबारा से उनके पद पर वापसी हुई है. इससे पहले Steve Jobs से लेकर Sam Altman तक कंपनी में अपना पद गमा चुकें हैं और बाद में दोबारा अपने नेतृत्व की भूमिका में लौटे.
Jensen Huang: 11 दिन में CEO पद पर वापसी
Nvidia के को-फाउंडर जेन्सेन हुआंग (Jensen Huang) की वापसी इस लिस्ट का सबसे ताजा मामला है. उन्होंने 1993 में क्रिस मालाचोव्स्की (Chris Malachowsky) और कर्टिस प्रीम (Curtis Priem) के साथ Nvidia की शुरुआत की थी. कंपनी शुरुआत में ग्राफिक्स चिप बनाती थी, लेकिन आगे चलकर AI कंप्यूटिंग की दुनिया में बड़ी कंपनी बन गई.
12 नवंबर 2026 को Huang ने निजी जिंदगी से जुड़े विवादों और एक चीनी कारोबारी महिला के कथित जासूसी संबंधों को लेकर उठे सवालों के बीच CEO पद से इस्तीफा दे दिया था. रिपोर्ट्स में एक महिला कर्मचारी के साथ उनके कथित संबंधों का भी जिक्र सामने आया. इसके बाद सीएफओ कोलेट क्रेस (CFO Colette Kress) को अंतरिम CEO बनाया गया. हालांकि, 23 नवंबर को बोर्ड ने Huang को फिर प्रेसिडेंट और CEO बनाने का फैसला किया.
Sam Altman: OpenAI से निकाले गए, फिर लौटे
OpenAI के CEO सैम अल्टमैन की वापसी भी टेक इंडस्ट्री की चर्चित घटनाओं में से एक रही है. दरअसल 17 नवंबर 2023 में कंपनी के बोर्ड मेंबर्स ने अचानक से Sam Altman को CEO पद से हटाने का ऐलान कर दिया था. बोर्ड ने आरोप लगाया था कि सैम अल्टमैन बोर्ड के साथ बातचीत में लगातार स्पष्ट और ईमानदार नहीं रहे. इसलिए उसे उनके नेतृत्व पर भरोसा नहीं रहा.
बोर्ड के इस फैसले के बाद OpenAI में संकट की स्थिति बन गई. करीब 700 से ज्यादा कर्मचारियों ने बोर्ड के फैसले के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और बोर्ड मेंबर को हटाए जाने और Altman को वापस लाने की मांग की. यहां तक कि उन्होंने कंपनी को धमकी दे डाली कि अगर सैम अल्टमैन को वापस नहीं लाया गया तो हम सभी Microsoft के साथ चले जाएंगे.
21 नवंबर 2023 को Altman की वापसी का समझौता हुआ और 29 नवंबर को उन्होंने फिर CEO की जिम्मेदारी संभाल ली.
Steve Jobs: Apple से बाहर होकर फिर लौटे
Apple के को-फाउंडर स्टीव जॉब्स (Steve Jobs) की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. 1985 में कंपनी के तत्कालीन CEO John Sculley और बोर्ड के साथ मतभेदों के बाद Jobs को कंपनी में अपनी ऑपरेशनल जिम्मेदारियों से हटा दिया गया. इसके बाद उन्होंने Apple छोड़ दिया और NeXT नाम की कंपनी शुरू की. वह Pixar से भी जुड़े.
1996 में Apple ने NeXT को खरीद लिया, जिसके बाद Jobs की Apple में वापसी हुई. पहले उन्होंने सलाहकार के तौर पर काम किया और 1997 में अंतरिम CEO बने. उनकी वापसी के बाद Apple ने iMac, iPod, iPhone और iPad जैसे प्रोडक्ट पेश किए, जिन्होंने कंपनी की पहचान बदल दी.
Jack Dorsey: 7 साल बाद Twitter की कमान फिर संभाली
जैक डोर्सी (Jack Dorsey) ने 2006 में Twitter की शुरुआत की थी और कंपनी के पहले CEO बने थे. लेकिन 2008 में कंपनी के मैनेजमेंट और दिशा को लेकर उठे सवालों के बीच उन्हें CEO पद से हटा दिया गया.
इसके बाद उन्होंने Square नाम की पेमेंट कंपनी बनाई, जो अब Block के नाम से जानी जाती है. हालांकि, Twitter से उनका जुड़ाव बना रहा और वह इसके चेयरमैन भी रहे.
2015 में करीब 7 साल बाद Dorsey Twitter के अंतरिम CEO बनकर लौटे और बाद में उन्हें स्थायी CEO बना दिया गया. उन्होंने 2021 तक कंपनी की कमान संभाली, जिसके बाद Parag Agrawal CEO बने.
Matt Mullenweg: सिर्फ 33 घंटे में वापस आ गए
WordPress बनाने वाली कंपनी Automattic के फाउंडर मैट मुलेनवेग (Matt Mullenweg)की वापसी काफी कम समय में हुई. सितंबर 2026 में कंपनी के बोर्ड ने उन्हें पेड लीव पर भेज दिया था और CFO Mark Davies को अंतरिम CEO बनाया गया.
हालांकि, Mullenweg ने इस फैसले को चुनौती दी और बाद में चेयरमैन व CEO के तौर पर वापस लौट आए. कंपनी ने 12 सितंबर को उनकी वापसी की पुष्टि की. रिपोर्ट के मुताबिक, वह करीब 33 घंटे और 20 मिनट तक ही इस जिम्मेदारी से दूर रहे. कंपनी में उनकी मजबूत वोटिंग हिस्सेदारी भी उनके प्रभाव का अहम हिस्सा रही.
कंपनी से बाहर होना हमेशा आखिरी पड़ाव नहीं
यहां पर समझने वाली बात ये हैं कि, इन पांचों फाउंडर्स की वापसी की वजह अलग-अलग रही. कहीं बोर्ड के साथ विवाद हुआ, कहीं कर्मचारियों ने समर्थन दिया, तो कहीं कंपनी में फाउंडर की हिस्सेदारी और प्रभाव ने उनकी वापसी में अहम भूमिका निभाई.
इन कहानियों से पता चलता है कि अपनी ही कंपनी में CEO की कुर्सी गंवाना हमेशा करियर का अंत नहीं होता. कई बार हालात बदलते हैं और वही फाउंडर दोबारा कंपनी की कमान संभाल लेते हैं, जिसने कभी उस कंपनी की नींव रखी थी.
ये भी पढ़ें: Nvidia: जब एक CEO के लिए बदला कंपनी के बोर्ड का फैसला
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए