WhatsApp Free 2GB Cloud Backup: Google Drive भरने की टेंशन खत्म, जानें कैसे एक्टिवेट करें नया फीचर
व्हाट्सऐप का मुफ्त 2GB एन्क्रिप्टेड क्लाउड बैकअप.
WhatsApp Free 2GB Cloud Backup: अगर आपका 15GB गूगल स्टोरेज बार-बार फुल हो जाता है, तो यह खबर आपके काम की है. जानिए व्हाट्सऐप की इस नई एन्क्रिप्टेड बैकअप सुविधा को अपने फोन में चालू करने का आसान तरीका क्या है.
एंड्रॉयड स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले करोड़ों व्हाट्सऐप यूजर्स के लिए एक बड़ी राहत की खबर है. मेटा (Meta) के स्वामित्व वाला यह मैसेजिंग प्लेटफॉर्म अब यूजर्स को 2GB तक मुफ्त और पूरी तरह एन्क्रिप्टेड क्लाउड बैकअप स्टोरेज की सुविधा दे रहा है.
इस नए कदम का सीधा लाभ उन लोगों को मिलेगा जिनका गूगल ड्राइव (Google Drive) स्टोरेज अक्सर भर जाता है. अब तक एंड्रॉयड पर व्हाट्सऐप चैट और मीडिया का बैकअप सीधे यूजर के गूगल अकाउंट स्टोरेज में जुड़ता था.
एक सामान्य गूगल अकाउंट में कुल 15GB मुफ्त जगह मिलती है, जो जीमेल (Gmail), गूगल फोटोज और गूगल ड्राइव के बीच बंटी होती है. जैसे ही यह सीमा पूरी होती है, व्हाट्सऐप का बैकअप अपने आप रुक जाता है और यूजर्स पर अतिरिक्त स्टोरेज खरीदने का दबाव बढ़ जाता है.
सुरक्षा और गोपनीयता का दावा
व्हाट्सऐप के मुताबिक, उसके अपने क्लाउड स्टोरेज पर रखा गया यह बैकअप डिफॉल्ट रूप से एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेगा. कंपनी का स्पष्ट कहना है कि इस डेटा तक न तो व्हाट्सऐप की पहुंच होगी और न ही उसकी मूल कंपनी मेटा इसे देख या पढ़ सकेगी. यानी आपकी निजी चैट और तस्वीरें पूरी तरह सुरक्षित रहेंगी.
2GB स्टोरेज कब तक चलेगा?
व्हाट्सऐप की ओर से किसी औसत बैकअप साइज का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है, लेकिन यह 2GB जगह कितने दिन चलेगी, यह पूरी तरह यूजर की चैटिंग आदतों पर निर्भर करता है.
अगर आपके चैट बैकअप में केवल टेक्स्ट मैसेज और दस्तावेज हैं, तो 2GB की जगह सालों तक पर्याप्त हो सकती है. लेकिन हाई-रेजॉल्यूशन वीडियो सबसे ज्यादा जगह घेरते हैं अच्छी बात यह है कि सेटिंग्स में जाकर बैकअप से वीडियो को बाहर रखने (Exclude Videos) का विकल्प मौजूद है, जिससे स्टोरेज को लंबे समय तक बचाया जा सकता है. हालांकि, यदि बैकअप 2GB की सीमा पार कर जाता है, तो नया डेटा सेव होना बंद हो जाएगा.
गूगल ड्राइव से कैसे कम होगा बोझ?
व्हाट्सऐप के इस 2GB क्लाउड स्टोरेज पर शिफ्ट होने से आपके गूगल अकाउंट का दबाव कम हो सकता है, लेकिन इसके लिए दो बातें ध्यान रखना जरूरी है:
- यह सुविधा केवल नए बैकअप पर लागू होगी.
- गूगल ड्राइव की जगह खाली करने के लिए आपको बैकअप प्रोवाइडर बदलने के साथ-साथ गूगल ड्राइव पर मौजूद पुराने व्हाट्सऐप बैकअप को अलग से डिलीट या बंद करना होगा.
कैसे उठाएं इस फीचर का लाभ?
कंपनी इस सुविधा को चरणबद्ध तरीके से जारी कर रही है. यदि आप इसे तुरंत इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो गूगल प्ले स्टोर (Google Play Store) पर जाकर व्हाट्सऐप बीटा प्रोग्राम (WhatsApp Beta) से जुड़ सकते हैं.
ऐप अपडेट होने के बाद, Settings > Chats > Chat backup में जाएं. यहां आपको बैकअप प्रोवाइडर चुनने का विकल्प दिखाई देगा, जहां से आप गूगल ड्राइव के बजाय व्हाट्सऐप के 2GB क्लाउड स्टोरेज को सक्रिय कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: रात 12 बजे खुद चला जाएगा WhatsApp मैसेज! जानें फोन में कैसे करें शेड्यूल
ये भी पढ़ें: WhatsApp पर घर बैठे चेक करें PF बैलेंस, डाउनलोड करें पासबुक, जानें पूरा स्टेप-बाय-स्टेप तरीका
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए