AC की कूलिंग बढ़ाने के 5 आसान जुगाड़, बिना टेम्परेचर कम किए मिलेगा ज्यादा ठंडक

एसी कूलिंग हैक्स
गर्मी में AC को ज्यादा ठंडा करने के लिए हर बार टेम्परेचर घटाना जरूरी नहीं है. सही तरीके से फैन का यूज, पहले गर्म हवा बाहर निकालना, ड्राई मोड चलाना और AC की साफ-सफाई जैसे छोटे कदम बड़ा फर्क डालते हैं. इन आसान ट्रिक्स से कम बिजली में भी कमरा जल्दी कूल होता है.
AC Cooling Hacks: गर्मी में बहार से घर में आते ही सबसे पहले एसी का रिमोट हाथ में हम लेते हैं, और तुरंत टेम्परेचर कम कर देते हैं ताकि रूम जल्दी ठंडा हो जाए. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बिना टेम्परेचर घटाए भी एसी को तेजी से कूल किया जा सकता है? जी हां, कुछ आसान और स्मार्ट ट्रिक्स की मदद से आप अपने रूम को जल्दी ठंडा कर सकते हैं, साथ ही बिजली का बिल भी बचा सकते हैं. आइए आपको बताते हैं कैसे.
AC के साथ सही तरीके से पंखा चलाएं
अक्सर लोग AC चलाते समय या तो सीलिंग फैन बंद रखते हैं, या फिर उसे फुल स्पीड पर चला देते हैं. लेकिन असली कमाल एक छोटी-सी ट्रिक में छिपा है. अगर आपके पंखे में रिवर्स मोड (Clockwise) का ऑप्शन है, तो उसे ऑन करें. अगर यह फीचर नहीं है, तो फैन को बस सबसे कम स्पीड, यानी स्पीड 1 पर चलाएं. ऐसा करने से कमरे के फर्श के पास जमा ठंडी और भारी हवा ऊपर उठकर दीवारों के साथ पूरे कमरे में फैलने लगती है. इससे एक हल्का-सा ‘विंड चिल’ इफेक्ट बनता है, जो कमरे को ज्यादा ठंडा महसूस कराता है.
AC ऑन करने से पहले वेंटिलेशन करें
AC चालू करने से पहले कमरे की सभी खिड़कियां खोल दें और एग्जॉस्ट फैन को करीब 3 मिनट के लिए चला दें. दरअसल, दिनभर कमरे में गर्म हवा फंसी रहती है, जो दीवारों, फर्नीचर और हर कोने में जमा हो जाती है. अगर आप सीधे AC ऑन कर देते हैं, तो उसे पहले इसी बासी और तपती हुई हवा से लड़ना पड़ता है. लेकिन जब आप पहले गर्म हवा को बाहर निकाल देते हैं, तो AC को ठंडी करने के लिए एकदम ताजी हवा मिलती है.
Dry Mode यूज करें
अगर आप ऐसे शहर में रहते हैं जहां गर्मी के साथ उमस भी खूब होती है, तो AC का ‘Dry Mode’ जरूर ट्राई करें. AC रिमोट पर यह पानी की बूंद वाले आइकन से दिखता है. असल में, उमस भरी हवा गर्मी को स्पंज की तरह पकड़कर रखती है, जिससे चिपचिपाहट बढ़ जाती है. Dry Mode हवा से एक्स्ट्रा नमी को खींच लेता है. जैसे ही कमरे की नमी कम होती है, वैसे ही कूलिंग बढ़ जाती है.
एयर फिल्टर को साफ रखें
अगर आपका AC पहले जैसी ठंडक नहीं दे रहा, तो सबसे पहले इसके एयर फिल्टर चेक कीजिए. ज्यादातर मामलों में यही सबसे बड़ी वजह होती है. जब फिल्टर पर धूल जम जाती है, तो AC को हवा खींचने में वैसी ही परेशानी होती है. अच्छी बात ये है कि इसे साफ करने के लिए आपको किसी टेक्नीशियन को बुलाने की जरूरत नहीं है. बस AC का फ्रंट कवर खोलिए, अंदर लगे मेश फिल्टर को बाहर निकालिए और नल के पानी से अच्छी तरह धो लीजिए.
आउटडोर यूनिट को साफ रखें
अक्सर हम भूल जाते हैं कि AC ठंडी हवा बनाता नहीं, बल्कि कमरे की गर्मी को बाहर फेंकता है. अब सोचिए, अगर आपके AC का आउटडोर यूनिट यानी कंप्रेसर धूल, पत्तों, पक्षियों के घोंसले या बालकनी में रखे सामान से घिरा हो, तो गर्मी बाहर जाएगी कैसे? ऐसे में AC को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और कूलिंग भी कम हो जाती है. इसका आसान समाधान है कि पावर बंद करके आउटडोर यूनिट के कूलिंग फिन्स पर हल्के पानी की छींटें मार दें. इससे जमा धूल हटती है और यूनिट गर्मी को तेजी से बाहर निकाल पाता है.
यह भी पढ़ें: AC चलाने पर पानी क्यों टपकता है? आखिर कहां से आता है ये पानी और कैसे बनता है?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ankit Anand
अंकित आनंद, प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वह पिछले डेढ़ साल से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में हैं. टेक जर्नलिस्ट के तौर पर अंकित स्मार्टफोन लॉन्च, टेलीकॉम अपडेट्स, टिप्स एंड ट्रिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) न्यूज, गैजेट्स रिव्यू और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़ी खबरें कवर करते हैं. इसके अलावा, वह ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़ी अहम खबरों पर भी लिखते हैं. अंकित ने GGSIP यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन में ग्रेजुएशन की है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










