ePaper

हाथी के हमले में चाय श्रमिक दंपती समेत तीन की हुई मौत

Updated at : 30 Oct 2019 2:19 AM (IST)
विज्ञापन
हाथी के हमले में चाय श्रमिक दंपती समेत तीन की हुई मौत

घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन गोरुमारा वन्य प्राणी डिवीजन की डीएफओ ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की घोषणा की मयनागुड़ी : सोमवार रात काली पूजा का अनुष्ठान देखकर वापस लौट रहे एक दंपती पर हाथी ने हमला कर दिया. इस हमले में मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया. […]

विज्ञापन

घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने किया प्रदर्शन

गोरुमारा वन्य प्राणी डिवीजन की डीएफओ ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की घोषणा की
मयनागुड़ी : सोमवार रात काली पूजा का अनुष्ठान देखकर वापस लौट रहे एक दंपती पर हाथी ने हमला कर दिया. इस हमले में मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया. यह घटना सोमवार की रात हुई. मृत दंपती पेशे से चाय श्रमिक थे. वे रामसाई इलाके के जादवपुर चाय बागान के डिपो लाइन के निवासी थे.
दंपती का नाम गावना उरांव (32) और कुमारी (28) बताया गया है. वहीं दूसरी ओर सोमवार रात एक अन्य हमले में मयनागुड़ी ब्लॉक अंतर्गत रामसाई के कालामाटी निवासी गोविंद राय (27) की भी मौत हो गयी. घटना के बाद उत्तेजित लोगों ने रामसाई स्थित वन विभाग कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की. दरवाजे और खिड़कियों के अलावा जरूरी दस्तावेज भी क्षतिग्रस्त कर दिये. मृत दंपती के तीन छोटे-छोटे मासूम बच्चे हैं.
प्राप्त जानकारी अनुसार जादवपुर चाय बागान के डिपो लाइन निवासी और पेशे से बागान श्रमिक गावना उरांव और उनकी पत्नी कुमारी उरांव सोमवार रात 11 बजे चाय बागान के रास्ते घर लौट रहे थे. इसी दौरान घर के निकट ही एक विशालकाय जंगली हाथी से उनका सामना हो गया. हाथी ने दोनों को सूंढ़ से उठाकर जमीन पर पटक दिया.
जिससे उन दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी. गौरतलब है कि घटनास्थल के समीप ही गोरुमारा वन्य प्राणी डिवीजन के रामसाई मोबाइल स्कॉयड का कार्यालय है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वन विभाग की लापरवाही से ही यह घटना हुई है. स्थानीय सूत्र के अनुसार हाथी को बागान इलाके में देखकर लोगों ने कई बार रामसाई रेंज ऑफिस को फोन किया था. लेकिन उसका कोई जवाब नहीं मिला. मृत गावना उरांव के परिवार की सदस्य जीना उरांव ने बताया कि दंपती के तीन छोटे बच्चे हैं. घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. लोग वन विभाग से मुआवजे की मांग पर अड़े हुए थे. इसकी जानकारी मिलते ही मयनागुड़ी थाना के आइसी तमाल दास के नेतृत्व में विशाल पुलिस बल और वनकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे.
लोगों ने पुलिस के सामने ही विरोध प्रदर्शन जारी रखा. बढ़ रही भीड़ को देखते हुए बाद में मालबाजार से एसएसबी की 46वीं बटालियन और रैफ को तैनात किया गया. विशाल पुलिस बल के साथ मौजूद रहे दोनों डीएसपी डेंडुप शेरपा और विक्रमजित लामा. गोरुमार साउथ रेंज और खूनिया रेंज के वनकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे.
गोरुमारा वन्य प्राणी डिवीजन की डीएफओ निशा गोस्वामी ने बताया कि नियमानुसार आवेदन करने पर दंपती की मृत्यु के एवज में चार लाख रुपये के हिसाब से कुल आठ लाख रुपये बच्चों को मिलेंगे. बच्चों के पुनर्वास के लिये जिला और ब्लॉक प्रशासन और पुलिस विभाग से बातचीत की जा रही है.
दूसरी घटना रामसाई के ही कालामाटी इलाके में रात साढ़े दस बजे हुई. साइकिल से घर लौट रहे गोविंद राय को भी एक हाथी ने सूंढ़ में लपेट पटक कर मार डाला. गोविंद कावागाब इलाके का निवासी था. मंगलवार को तीनों शव का पोस्टमार्टम के लिए जलपाईगुड़ी सदर अस्पताल भेजा गया. घटना के चलते पूरा इलाका शोक-संतप्त है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola