पीड़िता ने किया केस, तो आरोपी ने चलायी गोली

जब आरोपी को इस बात का पता चला, तो वह पीड़िता के घर गया और उसे डराने के लिए दो राउंड फायरिंग कर दी.
कोलकाता. एक महिला ने एक व्यक्ति पर उसे ब्लैकमेल कर कई बार उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज करायी. जब आरोपी को इस बात का पता चला, तो वह पीड़िता के घर गया और उसे डराने के लिए दो राउंड फायरिंग कर दी. इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसका नाम झंटू घोष है. उसके पास से मुंगेर निर्मित एक रिवॉल्वर एवं एक लोडेड मैगजीन जब्त किये गये हैं. बताया जा रहा है कि आरोपी दूर के रिश्ते में पीड़िता का जीजा लगता है. यह घटना हरिदेवपुर थाना क्षेत्र इलाके की है. जानकारी के अनुसार, झंटू का हरिदेवपुर थाना क्षेत्र के कबरडांगा इलाके में स्ट्रीट फूड स्टॉल है. पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि एक दिन जरूरी काम की बात कह झंटू उसे अपने घर ले गया. वहां उसके साथ दुष्कर्म किया. इस दौरान उसने वीडियो भी बना लिया. फिर इसे सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा. कभी अपनी दुकान, तो कभी दूसरे राज्यों में ले जाकर उसे अपनी हवस का शिकार बनाता रहा. इससे परेशान होकर वह हरिदेवपुर थाने पहुंची और झंटू के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी. पीड़िता का आरोप है कि झंटू अचानक एक दिन उसके घर पहुंचा. उसके हाथ में रिवॉल्वर था. उसने उसे लक्ष्य कर दो राउंड फायरिंग की. हालांकि उसका निशाना चूक गया और गोलियां दीवार में जा लगीं. वह शोर मचाकर मदद मांगने लगी. उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे. इस बीच झंटू वहां से भाग निकला. उधर, पुलिस का कहना है कि लगातार छापेमारी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. उसके पास मुंगेर निर्मित हथियार कहां से आया, इस बारे में भी पूछताछ की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




