पश्चिम बंगाल में 17 वर्षीय लड़के की हत्या, फुटबॉल मैच के पुराने विवाद ने ले ली जान

प्रोसेनजीत विश्वास
पश्चिम बंगाल में फुटबॉल मैच को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली. बारुईपुर में हुई इस हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन किया और पुलिस कार्रवाई की मांग की.
कोलकाता. पश्चिम बंगाल में फुटबॉल मैच को लेकर एक पुराने विवाद में एक युवक की मौत हो गयी है. दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में एक युवक की हत्या कर दी गई है. इस घटना के बाद बारुईपुर सब-डिविजनल अस्पताल में भारी तनाव फैल गया. मृतक की पहचान प्रोसेनजीत विश्वास के तौर पर हुई है. आरोपों के मुताबिक हत्या में तीन युवक शामिल थे. घटना पालपारा में बैंक के पास हुई.
तीन दिन पहले जीता था मैच
प्रोसेनजीत की टीम ने करीब 3 दिन पहले एक फुटबॉल मैच जीता था. बताया जा रहा है कि इस जीत के बाद दो गुटों के बीच बहस और तनाव हो गया था. आरोप है कि बदला लेने के मकसद से सोमवार को प्रोसेनजीत और उसके एक दोस्त को एक जगह बुलाया गया. उनके पहुंचते ही प्रोसेनजीत पर कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला किया गया. बताया जा रहा है कि उसकी गर्दन पर चाकू से वार किया गया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में उसे बारुईपुर सब-डिविजनल अस्पताल में भर्ती कराया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
गुस्साये लोगों ने किया प्रदर्शन
गुस्साए लोगों ने पुलिस कैंप में की तोड़फोड़ प्रोसेनजीत बारुईपुर के फुलतला इलाके के ए-ब्लॉक का रहने वाला था. मौत की खबर फैलते ही परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और स्थानीय लोग अस्पताल परिसर में जमा हो गए. गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल के सामने सड़क जाम कर दी और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की. धीरे-धीरे हालात तनावपूर्ण हो गए. आरोप है कि विरोध-प्रदर्शन के दौरान अस्पताल परिसर में बने पुलिस कैंप में तोड़फोड़ की गई.
पुलिस ने लाठीचार्ज किया
इस बीच पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और मेडिकल जांच के लिए बारुईपुर सब-डिविजनल अस्पताल ले आई. घटना के बाद अस्पताल और उसके आसपास काफी देर तक तनाव बना रहा. हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










