आसनसोल : मंत्री मलय घटक के घर के कैंप ऑफिस पर हमला, आरोपी गिरफ्तार
Updated at : 23 Jan 2025 2:37 AM (IST)
विज्ञापन

राज्य के श्रम, विधि व न्याय मंत्री मलय घटक के आसनसोल स्थित अपकार गार्डेन के आवास में कैंप ऑफिस पर बुधवार शाम को हमला हो गया.
विज्ञापन
मंत्री के आवास की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में
पिता का डेथ सर्टिफिकेट नहीं बनने को लेकर युवक था नाराज मंत्री के कार्यालय में भी आया था एकबार
संवाददाता, आसनसोलराज्य के श्रम, विधि व न्याय मंत्री मलय घटक के आसनसोल स्थित अपकार गार्डेन के आवास में कैंप ऑफिस पर बुधवार शाम को हमला हो गया. आसनसोल साउथ थाना क्षेत्र के सहेबपाड़ा-डोमपाड़ा इलाके का निवासी विक्की केवड़ा (22) नाम का युवक तीन गेट पार करके मंत्री घटक के कैंप ऑफिस में पत्थर लेकर घुसा और टेबल के ऊपर के शीशे पर पटक दिया. शीशा चकनाचूर हो गया. ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया. पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) ध्रुब दास मंत्री के आवास पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया. सीसीटीवी का फुटेज संग्रह किया गया. प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता का डेथ सर्टिफिकेट नहीं बन रहा था, जिसे लेकर वह एकबार मंत्री के अपकार गार्डेन स्थित कार्यालय में भी आया था. वहां एक व्यक्ति ने उसे पर्ची लिखकर दिया, लेकिन काम नहीं हुआ. जिसे लेकर नाराजगी थी. उसके पिता दीपक केवड़ा अविष्कार डायग्नोस्टिक में कार्य करते थे. एक साल पहले उनका निधन हुआ है. पुलिस को उसकी बातों में कोई तालमेल नहीं मिल रहा है. उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गयी है. मां एक बेटे को लेकर अपने रिश्तेदार के घर रहती है. वह अकेले रहता है. उसकी मां और इलाके के लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है. इधर, ड्यूटी पर तैनात चार कांस्टेबलों को लाइन हाजिर कर दिया गया और उनकी जगह चार नये कांस्टेबल तैनात किये गये हैं. गौरतलब है कि मंत्री श्री घटक अपने इलाके में काफी लोकप्रिय हैं. सप्ताह में वे शुक्रवार शाम से लेकर रविवार दोपहर तक आसनसोल में रहते हैं. विशेष कोई कार्यक्रम रहा तो बीच में भी आते हैं. हमेशा उनके घर पर मिलनेवालों का तांता लगा रहता है. रात दो बजे तक भी लोग उनसे मिलने का इंतजार करते हैं और हर किसी से मिलते हैं. उनके आवास पर सुरक्षा का इंतजाम होने के बावजूद भी लोगों का बेरोकटोक आना-जाना आम है. श्री घटक के नहीं रहने पर भी उनका कार्यालय हमेशा खुला रहता है और पूरी टीम यहां रहती है. ऐसे में उनके घर पर हमले ने सभी को हैरान कर दिया है.गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी बात कर रहा था फोन पर
जांच के क्रम में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि शाम 4:46 बजे विक्की हाथ में पत्थर लेकर मेन गेट खोलकर बाउंड्री के अंदर घुसा. इसके बाद दो गेट पार करके अंदर गया. दोनों गेट खुला हुआ था. गेट पर तैनात कांस्टेबल फोन पर बात कर रहा था. वह उसे पकड़ पाता इससे पहले ही विक्की टेबल के शीशा पर पत्थर पटक दिया. शीशा टूटने की जोरदार आवाज से पूरे घर में हलचल मच गयी. आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया. घटना के समय घटक घर में नहीं थे.मरे कुत्ते को जलाकर अपना सिर मुड़वाया
विक्की रंगमिस्त्री है और वह बाहर काम करता है. स्थानीय लोगों से पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि वह नशे का आदि है. उसकी हरकतों के कारण उसकी मां घर छोड़कर अपने छोटे बेटे के साथ रिश्तेदार के पास रहती है. कुछ दिनों पहले उसने अपने इलाके में एक मरे हुए कुत्ते को जलाकर उसका अंतिम संस्कार किया और अपना सिर भी मुड़वाया. यह बात उसने भी स्वीकार किया. सूत्रों के अनुसार पुलिस उसकी मेडिकल जांच करवायेगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




