बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन, 16, 17, 18, 19 और 20 जुलाई तक रेड अलर्ट, मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह

झमाझम बारिश के बीच सड़क पर चलती एक महिला.
West Bengal Weather Update: पश्चिम बंगाल में मानसून का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है. अगले 5 दिनों के लिए भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिसके साथ भू-स्खलन और जलभराव का खतरा है. मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है.
West Bengal Weather Update: पश्चिम बंगाल में मानसून ने रौद्र रूप अख्तियार कर लिया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, अलीपुर ने स्पेशल बुलेटिन नंबर जारी कर राज्य में अगले 5 दिनों (16 से 20 जुलाई 2026) के लिए भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है.
ओडिशा और बंगाल के तटों पर बना लो प्रेशर एरिया
मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा व पश्चिम बंगाल के तटों पर एक कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बन चुका है. साथ ही संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक विस्तृत है. अगले 2 दिनों के भीतर इसके और अधिक मजबूत होकर वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया (Well Marked Low Pressure Area) में तब्दील होने और उत्तर-पश्चिम दिशा में पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्रों की ओर बढ़ने की प्रबल संभावना है.
ये भी पढ़ें: बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर, IMD ने पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी वर्षा और तेज हवाओं का जारी किया अलर्ट
दक्षिण बंगाल में कैसा रहेगा अगले 5 दिन का मौसम
लो प्रेशर एरिया के इस तंत्र के प्रभाव से दक्षिण बंगाल के जिलों में 16 से 18 जुलाई के बीच मूसलाधार बारिश का अनुमान लगाया गया है.
- 16 जुलाई 2026 (अत्यंत भारी बारिश): दक्षिण बंगाल के अधिकांश हिस्सों में बिजली चमकने और आंधी के साथ भारी वर्षा होगी. पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, बांकुड़ा और पुरुलिया जिलों में एक या दो स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश (07-20 सेमी) होने की चेतावनी है. कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना जिलों में भारी बारिश (07-11 सेमी) और 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी.
- 17 जुलाई 2026 : पश्चिम बर्धमान, बांकुड़ा, पुरुलिया और बीरभूम जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश (07-11 सेमी) का दौर जारी रहेगा. तटीय जिलों (मेदिनीपुर और 24 परगना) में 40-50 किमी/घंटे की गति से झोंकेदार हवाएं चलेंगी.
- 18 जुलाई 2026 : हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा के साथ पश्चिम बर्धमान और बीरभूम में भारी वर्षा और तटीय इलाकों में 40-50 किमी/घंटे की तेज हवाएं जारी रहेंगी.
- 19 और 20 जुलाई 2026 : दक्षिण बंगाल के जिलों में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होगी. हालांकि, अधिकांश स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी.
ये भी पढ़ें: बंगाल में विकराल हुआ मानसून, IMD ने जारी किया उत्तर और दक्षिण बंगाल में भारी वर्षा का अलर्ट
उत्तर बंगाल के पर्वतीय क्षेत्रों में भू-स्खलन की आशंका
गांगेय बंगाल के साथ-साथ उत्तर बंगाल के जिलों में भी मानसूनी बारिश आफत बनकर टूटने वाली है.
- 16 जुलाई 2026: दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश (07-11 सेमी) होने की संभावना है.
- 17 और 18 जुलाई 2026: दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार जिलों में मूसलाधार बारिश (07-11 सेमी) जारी रहेगी.
- 19 और 20 जुलाई 2026 (रेड अलर्ट): उत्तर बंगाल के पहाड़ी जिलों यानी जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर, कलिम्पोंग, कूचबिहार और दार्जिलिंग में एक या दो स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश (07-20 सेमी) होने की संभावना है. इसके साथ ही उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में भारी बारिश (07-11 सेमी) का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान पहाड़ों पर भू-स्खलन (Landslides) का खतरा बढ़ सकता है.
संभावित प्रभाव और प्रशासन की एडवाइजरी
मौसम विभाग ने प्राकृतिक गतिविधि को देखते हुए आम जनता और प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिये हैं.
- जलभराव (Waterlogging): भारी बारिश के कारण कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के निचले इलाकों, सड़कों और अंडरपासों में गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है.
- कृषि को नुकसान : खेतों में पानी भरने से खड़ी फसलों और बागवानी (Horticulture) को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है.
ये भी पढ़ें: उत्तर बंगाल में मूसलाधार बारिश से हाहाकार : अलीपुरदुआर में एक दिन में 238 मिमी वर्षा, जानें 24 घंटों के मौसम का हाल
मछुआरों के लिए मौसम विभाग की चेतावनी
15 जुलाई से 18 जुलाई 2026 के बीच समुद्र में 35-45 किमी/घंटे की रफ्तार से और बीच-बीच में 55 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. इसलिए मछुआरों को उत्तर बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल के तटों के पास गहरे समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










