बंगाल में अब डाकघरों और पासपोर्ट सेवा केंद्र में विस्फोट की धमकी, हाई अलर्ट

Updated:
विज्ञापन

Bengal On High Alert After Bomb Threat To Blast In Post Offices Passport Seva Kendra

लगातार 2 दिन तक अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी के बाद अब डाकघरों और पासपोर्ट सेवा केंद्र को उड़ाने की धमकी दी गयी है. ई-मेल से मिली धमकी के बाद सरकारी कार्यालयों और पासपोर्ट सेवा केंद्र की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है. सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं.

विज्ञापन

पश्चिम बंगाल में कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद अब डाकघरों और कोलकाता के पासपोर्ट सेवा केंद्र में विस्फोट की धमकी दी गयी है. बृहस्पतिवार को ई-मेल से मिली धमकी के बाद परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया. सघन तलाशी अभियान चलाया गया. समाचार लिखे जाने तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सभी सरकारी कार्यालयों और डाकघरों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी है.

विज्ञापन

ई-मेल में दावा- डाकघर में रखा है बम

एक अधिकारी ने बताया कि हावड़ा के महात्मा गांधी रोड स्थित डाकघर में ही पासपोर्ट सेवाएं भी उपलब्ध हैं. यहां एक ई-मेल मिला, जिसमें दावा किया गया था कि इमारत में बम रखा है. धमकी मिलने के बाद हावड़ा पुलिस की एक टीम ने इलाके को घेर लिया. सभी कर्मचारियों तथा आगंतुकों को बाहर निकाल लिया.

बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने ली तलाशी

यहां एक अधिकारी ने बताया कि इमारत को खाली कराने के बाद पुलिस के बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने पासपोर्ट सेवा केंद्र की तलाशी ली. हावड़ा डाकघर के एक कर्मचारी ने कहा- हम काम कर रहे थे, तभी हमें धमकी भरे ई-मेल के बारे में पता चला. सभी कर्मचारियों को तुरंत बाहर जाने के लिए कहा गया.

आसनसोल और कटवा के डाकघरों को भी मिली धमकी

पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल और पूर्वी बर्धमान जिले के कटवा स्थित डाकघरों में भी इसी तरह की बम की धमकियों की सूचना मिली. डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ई-मेल के जरिये कर्मचारियों से संभावित विस्फोट से पहले परिसर खाली करने के लिए कहा गया.

बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

कर्मचारी और आवेदक भयभीत होकर भागे

धमकी के चलते कर्मचारियों और आवेदकों के भयभीत होकर बाहर भागने लगे. इसकी वजह से सेवाएं तत्काल निलंबित कर दी गयीं. आसनसोल डाकघर के एक कर्मचारी ने कहा- ई-मेल में बम की धमकी के कारण विभाग ने हमें बाहर निकलने के लिए कहा है. हम फिलहाल पुलिस और विशेष टीम के आने का इंतजार कर रहे हैं.

सरकारी कार्यालयों और डाक केंद्र पर हाई अलर्ट

पुलिस ने बताया कि सभी प्रभावित स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है. हालांकि, फिलहाल कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, लेकिन राज्य भर के प्रमुख सरकारी कार्यालयों और डाक केंद्रों पर ‘हाई अलर्ट’ जारी कर दिया गया है.

अदालतों में विस्फोट की धमकी निकली थी अफवाह

अधिकारियों ने बताया कि ई-मेल के स्रोत का पता लगाने और यह सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं कि क्या ये धमकियां पश्चिम बंगाल की दीवानी अदालतों में हाल ही में हुई बम की झूठी धमकी से जुड़ी हैं.

इसे भी पढ़ें

बंगाल की 7 अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी के बाद हाई अलर्ट, कामकाज ठप

बंगाल में फिर 2 कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola