भाजपा मुख्यालय में हुई राष्ट्रीय व राज्य स्तर के नेताओं की बैठक
केंद्रीय गृहमंत्री को भी राज्य के हालात से अवगत करायेंगे
कोलकाता. रविवार को प्रदेश भाजपा के मुख्यालय में नेशनल एक्जीक्यूटिव कमेटी और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों की बैठक हुई. बैठक में राज्य में भाजपा की आगे की रणनीति पर चर्चा हुई साथ ही वर्तमान में भाजपा नेताओं पर हो रहे हमलों से निबटने पर भी चर्चा हुई. बैठक के बाद संवाददाताओं को जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने बताया कि राज्य में बिगड़ते माहौल पर हम जहां राज्य के मुख्य सचिव से मिल कर रिपोर्ट सौपेंगे वहीं एक प्रतिनिधि दल जल्द ही दिल्ली जाकर देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर राज्य की स्थिति के उन्हें अवगत करायेगा.
श्री घोष ने बताया कि बैठक में भाजपा के सदस्यता संख्या को बढ़ाने और मंडल स्तर पर प्रशिक्षण शिविर शुरू करने पर भी सहमती बनी.
बैठक में मुख्य रूप से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजय वर्गीय, राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष, प्रदेश उपाध्यक्ष जय प्रकाश मजूमदार के साथ मंडल स्तर के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे.
इस दौरान भजपा महिला मोरचा की प्रदेश अध्यक्ष रुपा गांगुली ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश को एक पत्र सौंपा. समझा जा रहा है इस पत्र में महिला मोरचा की अध्यक्ष ने राज्य महिला मोरचा की रणनीति के बारे में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री को अवगत कराया है.