ePaper

गया का गिरोह न्यू मार्केट से गिरफ्तार

Updated at : 14 Oct 2019 6:39 AM (IST)
विज्ञापन
गया का गिरोह न्यू मार्केट से गिरफ्तार

कोलकाता : त्योहारों के मौसम में महानगर में आकर एटीएम काउंटरों में स्किमिंग डिवाइस फिट कर ग्राहकों के कार्ड से जानकारी लेनेवाले गया गैंग के तीन सदस्यों को न्यू मार्केट थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम आरिफ खान (20), अनुज कुमार (20) और राजकुमार मिस्त्री (21) हैं. इनमें से एक […]

विज्ञापन

कोलकाता : त्योहारों के मौसम में महानगर में आकर एटीएम काउंटरों में स्किमिंग डिवाइस फिट कर ग्राहकों के कार्ड से जानकारी लेनेवाले गया गैंग के तीन सदस्यों को न्यू मार्केट थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम आरिफ खान (20), अनुज कुमार (20) और राजकुमार मिस्त्री (21) हैं. इनमें से एक को वारदात के समय व अन्य दो साथियों को शहर के एक होटल से गिरफ्तार किया गया है.

तीनों बिहार के गया जिला स्थित वजीरगंज में स्थित दक्षिण गांव के रहनेवाले हैं. इनमें आरिफ बिहार में ट्रक में खलासी का काम करता है, जबकि राजकुमार लोहे के धंधे से जुड़ा है, वहीं अनुज वजीरगंज कॉलेज में बीएससी का छात्र है, उसके पिता प्राथमिक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं. पढ़ाई के साथ-साथ अनुज ने इंटरनेट पर एटीएम स्किमिंग व ऑनलाइन कारगुजारी कर रुपये ठगने का तरीका सीखा था.
कैसे पकड़े गये तीनों : पुलिस सूत्रों के मुताबिक एटीएम काउंटर में रुपये निकाल रही चिंता रॉय नामक एक महिला ने इनके खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया. शिकायत में पीड़िता ने बताया कि पंचमी के दिन गुरुवार की शाम को वह न्यू मार्केट इलाके में निगम दफ्तर के पास एक प्राइवेट बैंक के एटीएम में रुपये निकाल रही थी, उसी समय पहले से उसमें एक युवक मौजदू था.
रुपये निकालने में मदद करने की बात कह कर युवक ने उसका ध्यान भटका कर कारगुजारी कर उसके अकाउंट से 10 हजार रुपये निकाल लिये. इसका पता चलने पर एटीएम काउंटर से ही उसने शोर मचा कर पुलिस की मदद मांगी. आसपास टहल रही पुलिस की टीम ने आरिफ खान नामक एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया.
कुछ ही दिनों में पकड़े गये अन्य दो साथी भी : इस घटना में शामिल अन्य दो साथी फरार होने में सफल हो गये. काफी कोशिश के बाद बाकी दो साथियों अनुज व राजकुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक स्किमिंड डिवाइस व एक अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किया गया है.
पुलिस का कहना है कि तीनों के पास से जब्त डिवाइस को जांच के लिए भेजा गया है. अपने साथ अन्य दो साथियों को लेकर अनुज कोलकाता के न्यू मार्केट में आकर एक होटल में ठहरा था. हालांकि पहली ही वारदात में तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया. इसके पहले ऐसी हरकतों को इन लोगों ने कहां-कहां अंजाम दिया है, इस बारे में तीनों से पूछताछ की जा रही है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola