छत पर थी मालकिन, नीचे से 35 लाख के जेवर चोरी

Author Amit kumar
Updated:
विज्ञापन

मंगलवार शाम को शहर के व्यस्त इलाके शिशु बागान मोड़ स्थित इलाहाबाद बैंक के समीप गली में चोरी की दुस्साहसिक घटना प्रकाश में आयी है.

विज्ञापन

रानीगंज.

मंगलवार शाम को शहर के व्यस्त इलाके शिशु बागान मोड़ स्थित इलाहाबाद बैंक के समीप गली में चोरी की दुस्साहसिक घटना प्रकाश में आयी है. मिली जानकारी के मुताबिक कुछ देर के लिए घर की मालकिन मकान की छत पर गयीं और उस दरम्यान घर के अंदर अलमारी के लॉकर को तोड़ कर अंदर से लगभग 85,000 रुपये और करीब 35 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया गया. इस चोरी की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

छत पर टहल रही थी महिला, नीचे हो गयी तबाही

घर की मालकिन सुधा अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार शाम वह घर में अकेली थीं. शाम लगभग 7:00 बजे वह टहलने के लिए अपने घर की छत पर रोज की भांति गयी थीं. करीब डेढ़ घंटे बाद जब वह 8:30 बजे नीचे उतरीं, तो घर के अंदर का हाल देख कर उनके होश उड़ गये. कमरे का नजारा बदला हुआ था और अलमारी के लॉकर टूटे हुए थे.

जो सामान उड़ा ले गये चोर

सुधा अग्रवाल के अनुसार चोरी गये सामान में सोने की चेन, मंगल-सूत्र, तीन अंगूठियां व अन्य गहनों के साथ चांदी के गिलास व थाली शामिल हैं. उड़ाये गये जेवरात ही लगभग 35 लाख रुपये के बताये जा रहे हैं. सुधा अग्रवाल ने बताया कि वे सिर्फ डेढ़ घंटे को छत पर गयी थीं. जब नीचे आयीं, तो घर के अंदर सब कुछ बिखरा हुआ था और गहने गायब थे. चोरी ने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया. कुछ गहने उनकी मां ने तो कुछ गहने सास ने वर्षों पहले शादी में दिये थे. कुछ अन्य आभूषण बाद में खरीदे हुए थे. घटना की सूचना पाते ही महिला के परिजन और रानीगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के बाद मामले की छानबीन में लग गयी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरी के आरोपियों का सुराग लगाया जा सके. स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम को ऐसी चोरी की घटना से पुलिस गश्त व सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं. घटना से आस-पास के लोग खौफजदा हैं. गली के बाशिंदों का कहना है कि 60 -70 वर्षो से उनके परिवार के लोग यहां निवास कर रहे हैं, पर आज तक कभी ऐसी घटना नहीं हुई.

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola