‘मुखोमुखी’ में मंत्री अग्निमित्रा ने सुनीं 37 नागरिकों की शिकायतें

कार्यक्रम में लोगों से बात करती है अग्निमित्र पाल | Prabhat Khabar Network
आसनसोल में 'मुखोमुखी' कार्यक्रम के तहत मंत्री अग्निमित्रा पाल ने पेयजल, सड़क और अवैध निर्माण समेत 37 नागरिकों की समस्याओं को सुना और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
आसनसोल. पश्चिम बंगाल सरकार के नगर विकास एवं नगर निगम मामलों के विभाग की पहल पर गुरुवार को आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में विशेष जनसंवाद कार्यक्रम ‘मुखोमुखी’ आयोजित किया गया. इसमें नगर विकास एवं नगर निगम मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने फोन पर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान की जानकारी शिकायतकर्ताओं को एसएमएस से भी दी जायेगी.
हफ्ते में तीन दिन होगा जन-संवादअग्निमित्रा पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर शुरू किये गये इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है. उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को आयोजित होगा. इसकी शुरुआत आसनसोल नगर निगम क्षेत्र से की गयी है और जल्द ही चंदननगर समेत अन्य नगर निगम क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा. उन्होंने नागरिकों से पानी, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, सफाई, अवैध निर्माण, तालाबों पर अतिक्रमण, प्रदूषण और अन्य समस्याओं की जानकारी देने की अपील की.
कार्यक्रम में विभिन्न वार्डों के 37 नागरिकों ने नाली, जल निकासी, सार्वजनिक शौचालय, डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र सेवा, अवैध निर्माण, सड़क, बिजली के खंभे, विद्यालय मरम्मत, पेयजल, इंडोर स्टेडियम, जल कनेक्शन, घाट निर्माण, खटाल हटाने और निगम भवन पर उर्दू साइनबोर्ड सहित कई मुद्दे उठाये. अग्निमित्रा पाल ने सभी शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये.कार्यक्रम में पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस पोन्नमबलम, आसनसोल नगर निगम की प्रशासक अदिति चौधरी, निगमायुक्त, सचिव तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने शिकायतों का रिकॉर्ड तैयार कर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










