पुरुलिया के जयपुर में स्टोन चिप्स परिवहन में दस्तावेजों की गड़बड़ी, डंपर चालक गिरफ्तार
जयपुर में स्टोन चिप्स परिवहन में दस्तावेजों की गड़बड़ी, डंपर चालक गिरफ्तार,, | Prabhat Khabar Network
पुरुलिया के जयपुर में स्टोन चिप्स से लदे डंपर के दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने पर चालक गिरफ्तार. पुलिस मामले की कर रही गहन जांच.
पुरुलिया : अंतरराज्यीय नाका जांच के दौरान स्टोन चिप्स से लदे एक डंपर के दस्तावेजों में गंभीर विसंगतियां मिलने पर जयपुर थाना पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने डंपर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, 27 अगस्त को पुरुलिया जिले के जयपुर थाना अंतर्गत एनएच-18 स्थित काठालताड़ अंतरराज्यीय नाका प्वाइंट पर नियमित जांच के दौरान एक डंपर को रोका गया.वाहन झारखंड के बोकारो से स्टोन चिप्स लेकर आद्रा की ओर जा रहा था. वाहन चालक हुबलाल महथा (32), झारखंड के गिरिडीह जिले का निवासी है.जांच के दौरान चालक ने पुलिस के समक्ष माइनिंग चालान और टैक्स इनवॉइस प्रस्तुत किया, लेकिन आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखा सका. दस्तावेजों की जांच में पुलिस को कई विसंगतियां मिलीं. पुलिस के अनुसार, डंपर में वास्तविक रूप से स्टोन चिप्स लदे हुए थे, जबकि टैक्स इनवॉइस में परिवहन किए जा रहे माल को ‘येलो सैंड’ (पीली बालू) बताया गया था. इसके अलावा, झारखंड सरकार के आधिकारिक मिनरल्स पोर्टल पर माइनिंग चालान का सत्यापन करने पर भी मात्रा में अंतर पाया गया. चालक द्वारा प्रस्तुत चालान में माल की मात्रा 750 सीएफटी दर्ज थी, जबकि पोर्टल पर संबंधित रिकॉर्ड में यह मात्रा 500 सीएफटी दिखाई गई. यानी 250 सीएफटी का अंतर सामने आया. पूछताछ के दौरान चालक ने पुलिस को बताया कि उक्त माल आद्रा स्थित वैष्णवी एंटरप्राइज के लिए ले जाया जा रहा था. पुलिस को संदेह है कि अवैध परिवहन और अनुचित आर्थिक लाभ के उद्देश्य से फर्जी अथवा जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. इसके बाद पुलिस ने स्टोन चिप्स से लदे डंपर और संबंधित दस्तावेजों को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया. इस संबंध में जोयपुर थाना में कांड संख्या 112/2026, तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार चालक को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.पुलिस अब माल के वास्तविक स्रोत और गंतव्य, दस्तावेजों की प्रामाणिकता तथा इस मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए