अपहरण की शिकायत के 24 घंटों के अंदर युवती को पुलिस ने किया बरामद
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 21 Jan 2025 11:22 PM
युवती ने अपहरण की बात को नकार दिया और पुलिस को बताया कि घर में झमेला होने के कारण वह घर छोड़ कर चली गयी थी.
आसनसोल/अंडाल. अंडाल थाना क्षेत्र के खास काजोड़ा कोलियरी पीडी यूनिट इलाके की निवासी एक युवती के अपहरण की शिकायत मिलने के 24 घंटे के अंदर पुलिस ने उसे बरामद कर लिया. मंगलवार को युवती को पुलिस ने अदालत में पेश करके सीआरपीसी की धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज करवाया और मेडिकल जांच करवायी गयी. अदालत के निर्देश पर युवती को परिजनों को सौंप दिया गया. युवती ने अपहरण की बात को नकार दिया और पुलिस को बताया कि घर में झमेला होने के कारण वह घर छोड़ कर चली गयी थी. किसी ने उसका अपहरण नहीं किया. युवती बालिग होने के कारण पुलिस ने उसके बयान के आधार पर कथित अपहरण के आरोपी खास कजोड़ा अंजीर बागान इलाके के निवासी आजाद खान पर फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की. हालांकि युवती को पुलिस ने अंजीरबागान इलाके के एक घर से ही बरामद किया. इस घटना को लेकर इलाके में काफी तनाव का माहौल था. गौरतलब है कि खास कजोड़ा की युवती 19 जनवरी भोर तीन बजे घर से लापता हो गयी. परिजनों ने काफी तलाश की, नहीं मिलने पर लड़की के 20 जनवरी को अंडाल थाने में उसकी अपहरण की शिकायत दर्ज करायी. उन्होंने शिकायत में बताया कि उनकी बेटी रानीगंज गर्ल्स कॉलेज की छात्रा है.19 जनवरी की भोर से वह नहीं मिल रही है. काफी तलाश के बाद भी वह नहीं मिली. अंत में उन्हें जानकारी मिली कि खास कजोड़ा के अंजीरबागान इलाके का निवासी आजाद खान ने उसका अपहरण किया है. इस शिकायत के आधार पर अंडाल थाना पुलिस ने कांड संख्या 20/25 में बीएनएस की धारा 137(2)/140(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की. घटना को लेकर इलाके में काफी तनाव था. युवती के पास कोई मोबाइल फोन नहीं था. पुलिस ने जांच शुरू की और युवती को 24 घंटे के अंदर ही अंजीरबागान इलाके से बरामद किया. सूत्रों के अनुसार यह प्रेम प्रसंग का मामला माना जा रहा है. लड़का लड़की दोनों अलग-अलग समुदाय के हैं. जिसके कारण तनाव बना हुआ है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










