पश्चिम बंगाल में चल रही भत्ता सरकार : सौमित्र खां
Published by : GANESH MAHTO Updated At : 11 Feb 2026 1:13 AM
बताया गया है कि यह कार्यक्रम राज्य में रोजगार के मुद्दों को उठाने और युवाओं को संगठित करने के लिए शुरू किया गया है.
दुर्गापुर.राज्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से ‘चाकरी चाय बांग्ला’(नौकरी चाहता है बंगाल) कार्यक्रम के जरिये राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर हमला बोला गया. मंगलवार को बेनाचिटी इलाके में आयोजित कार्यक्रम में विष्णुपुर के सांसद सौमित्र खां, विधायक लखन घरुई, जिला प्रवक्ता सुमंत मंडल, नेता मनीषा सिकदर सहित कई लोग उपस्थित थे. इस कार्यक्रम का आयोजन युवा नेता पारिजात गांगुली की अगुवाई में किया गया. बताया गया है कि यह कार्यक्रम राज्य में रोजगार के मुद्दों को उठाने और युवाओं को संगठित करने के लिए शुरू किया गया है. सांसद सौमित्र खां ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में भत्ते की सरकार चल रही है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बेरोजगार युवाओं को नौकरी देने के बजाय भत्ता देकर उनके भविष्य से खिलवाड़ कर रही हैं. राज्य में रोजगार सृजन की ठोस व्यवस्था नहीं की गयी है. जिसके कारण राज्य के युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्य में भटकने को मजबूर हो रहे हैं. वहीं, राज्य सरकार मात्र 1,500 रुपये का भत्ता देकर युवाओं के जीवन को बर्बाद करने में लगी है. सांसद सौमित्र खां ने दावा किया कि ममता बनर्जी ने राज्य के युवाओं की कमर तोड़ दी है. वहीं, केंद्र सरकार ने 2.5 करोड़ लड़के-लड़कियों को नौकरी दी है. भाजयुमो नेताओं ने बताया कि ‘नौकरी चाहता है बंगाल’ कार्यक्रम के तहत राज्यभर से हस्ताक्षर एकत्र किये जायेंगे. इस अभियान का उद्देश्य राज्य में स्थायी रोजगार की मांग को मजबूती से उठाना और युवाओं की आवाज सरकार तक पहुंचाना है. मौके पर भाजपा के जिला प्रवक्ता सुमंत मंडल ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी और नौकरी के अवसरों की कमी को लेकर सत्ताधारी दल के खिलाफ भाजयुमो का यह मुख्य अभियान है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










