विपक्ष के विधायक भी हुए उत्तराखंड के सीएम धामी के मुरीद, कांग्रेस विधायक ने मंच से की खुलकर तारीफ

Updated:
विज्ञापन

उत्तराखंड के सीएम धामी (Photo: PTI)

क्या उत्तराखंड की राजनीति में नए समीकरण बनने की आहट है? चमोली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने मंच से उनकी खुलकर तारीफ की.

विज्ञापन

उत्तराखंड के चमोली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम ने राजनीतिक हलकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. इसकी सबसे बड़ी वजह रही बदरीनाथ से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला का मंच से मुख्यमंत्री की खुलकर तारीफ करना. ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि अक्सर यह आरोप लगाया जाता है कि विपक्ष के विधायकों के साथ भेदभाव होता है, लेकिन उनकी विधानसभा में सबसे ज्यादा विकास कार्य हुए हैं. उन्होंने कहा कि इसके लिए वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का धन्यवाद करते हैं.

विज्ञापन

विपक्ष के विधायक की ओर से सार्वजनिक मंच से मुख्यमंत्री की इस तरह की सराहना ने कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से भी खास बना दिया. बुटोला के बयान के दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी तालियां बजाकर उनका समर्थन किया. मुख्यमंत्री की सभा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. सुबह से ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा आसपास के इलाकों से भी लोग गोपेश्वर के पुलिस मैदान पहुंचने लगे थे. कार्यक्रम स्थल लोगों से खचाखच भरा नजर आया और मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान पूरे मैदान में उत्साह का माहौल देखने को मिला.

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने चमोली जिले को 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी. इनमें 113.99 करोड़ रुपये की 36 योजनाओं का शिलान्यास और 41.37 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है. सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन, खेल और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी इन योजनाओं को जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

कांग्रेस विधायक की ओर से मुख्यमंत्री धामी की खुलकर की गई सराहना और कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola