लखनऊ में दूसरी शादी बनी मौत की वजह! पूर्व पति ने बेटे संग मिलकर पत्नी को मार डाला, घर में ताला लगाकर फरार
लखनऊ में दूसरी शादी बनी मौत की वजह! पूर्व पति ने बेटे संग मिलकर पत्नी को मार डाला, घर में ताला लगाकर फरार
राजधानी लखनऊ में एक महिला की सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. 35 वर्षीय प्रेमा देवी का शव नहर किनारे खून से लथपथ मिला. मृतका के दूसरे पति ने उसके पूर्व पति और नाबालिग बेटे पर हत्या का आरोप लगाया है.
UP Crime: राजधानी लखनऊ के काकोरी इलाके में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. गोहरामऊ गांव में 35 वर्षीय प्रेमा देवी का शव गुरुवार सुबह नहर की पटरी के किनारे खून से लथपथ हालत में मिला. महिला की गला रेतकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है. मृतका के दूसरे पति प्रदीप यादव ने उसके पूर्व पति राजू यादव, नाबालिग बेटे रितेश और एक अज्ञात व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
18 साल पुरानी शादी, सात महीने पहले हुई थी दूसरी शादी
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक प्रेमा देवी की पहली शादी करीब 18 साल पहले सेमरामऊ निवासी राजू यादव से हुई थी. दोनों का 17 वर्षीय बेटा रितेश है. करीब तीन साल से प्रेमा और प्रदीप यादव के बीच संबंध थे. करीब सात महीने पहले प्रेमा ने राजू को छोड़कर प्रदीप के साथ कोर्ट मैरिज कर ली थी. इसके बाद वह गोहरामऊ में प्रदीप के साथ रहने लगी थी. बताया गया है कि इसके बावजूद प्रेमा अपने बेटे से फोन पर बातचीत करती थी.
रात में घर पर थी, सुबह नहर किनारे मिला शव
प्रदीप यादव के मुताबिक बुधवार रात वह मजदूरी करके घर लौटा था. दोनों ने साथ खाना खाया और सो गए. रात करीब एक बजे उसकी आंख खुली तो प्रेमा बिस्तर पर नहीं थी. इसके बाद उसने उसकी तलाश शुरू की. गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने नहर की पटरी पर एक महिला का शव पड़े होने की सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर शव की पहचान प्रेमा देवी के रूप में हुई.
धारदार हथियार से कई वार, गले पर गंभीर चोट
पुलिस के अनुसार महिला के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं. गले के अलावा चेहरे और कंधे पर भी गंभीर चोटें थीं. मौके से मिले साक्ष्यों को फॉरेंसिक टीम ने सुरक्षित किया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों से जुड़े कई सवालों पर स्थिति और स्पष्ट होगी.
पूर्व पति के घर पर लटका मिला ताला
प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि पूर्व पति राजू ने बेटे के जरिए प्रेमा को किसी बहाने बुलाया और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है. वारदात के बाद पुलिस जब राजू यादव के घर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला. बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य घर से गायब हैं.
दो पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में
घटना की सूचना मिलने के बाद एसीपी काकोरी शकील अहमद, एडीसीपी पश्चिमी धनंजय कुशवाहा, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. इंस्पेक्टर काकोरी सतीश राठौर के मुताबिक प्रदीप यादव की तहरीर पर राजू यादव, उसके बेटे रितेश और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं. पुलिस कॉल डिटेल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए