VIDEO VIRAL: वाराणसी फैमिली कोर्ट में हाईवोल्टेज ड्रामा, पत्नी की पिटाई और चेन छीनने के आरोप से मचा हड़कंप

Updated:
विज्ञापन
पीड़ित महिला

पीड़ित महिला

वाराणसी के परिवार न्यायालय परिसर में पति-पत्नी के बीच मारपीट और सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है। महिला ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोर्ट परिसर में हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

विज्ञापन

UP News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में परिवार न्यायालय परिसर में पति-पत्नी के विवाद का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पति पर कोर्ट परिसर में मारपीट करने, गाली-गलौज करने और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फैमिली कोर्ट में महिला से मारपीट का आरोप

वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र स्थित परिवार न्यायालय में गुरुवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एक महिला ने अपने पति पर मारपीट का आरोप लगाया। पीड़िता अर्चना मिश्रा, निवासी खरगूपुर (जंसा थाना क्षेत्र), ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने मुकदमे की पैरवी के लिए सुबह करीब 11:45 बजे फैमिली कोर्ट पहुंची थीं।महिला के अनुसार, उनके पति अखंड प्रताप उपाध्याय, निवासी गडखड़ा (सिंधोरा थाना क्षेत्र), पहले से ही कोर्ट परिसर में मौजूद थे। आरोप है कि पति ने वहां पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की।

मारपीट में चोट लगने का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर पति ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला के मुताबिक, मुक्के और लात-घूंसों से हमला किया गया, जिससे उनके सिर, दाहिनी आंख, होंठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। इस दौरान उनका चश्मा भी टूट गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके गले में पहनी सोने की चेन और लॉकेट छीन लिया गया। छीना-झपटी में चेन का कुछ हिस्सा उनके पास रह गया, जबकि लॉकेट और चेन का हिस्सा लेकर पति मौके से चले गए।

CCTV फुटेज में कैद होने का दावा

अर्चना मिश्रा का कहना है कि पूरी घटना परिवार न्यायालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। घटना के बाद किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी

कैंट थाना पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल कुछ पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि विवाद के दौरान महिला ने पहले पति पर हमला किया था, जिसके बाद मारपीट हुई। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

घरेलू विवाद का मामला बना चर्चा का विषय

फैमिली कोर्ट जैसे स्थान पर हुई इस घटना ने घरेलू विवाद और हिंसा के मुद्दे को फिर से चर्चा में ला दिया है। अब पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि घटना की वास्तविक स्थिति क्या थी और किस पक्ष की भूमिका कितनी रही।

यह भी पढ़ें: इंस्पेक्टर पर ऐसा तंज कि DM भी नहीं रोक पाए हंसी, लखीमपुर में 13 साल के बच्चे की फरियाद ने जीता दिल



विज्ञापन
Tilak Kumar

लेखक के बारे में

By Tilak Kumar

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola