UP में वोटर लिस्ट को लेकर अपडेट जारी, अब इस दिन आएगी ड्राफ्ट सूची, नाम जुड़वाने और सुधार के लिए मिलेगा एक महीने का मौका
AI सांकेतिक तस्वीर
उत्तर प्रदेश वोटर लिस्ट 2027 का कार्यक्रम अपडेट हुआ. 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक नाम जुड़वाने, कटवाने और सुधारने के लिए आवेदन करें. अंतिम सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी.
UP Voter List 2027: उत्तर प्रदेश में रहने वाले उन लोगों के लिए जरूरी खबर है, जो वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वाना चाहते हैं या पहले से दर्ज जानकारी में कोई बदलाव कराना चाहते हैं. विधानसभा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का कार्यक्रम बदल दिया गया है. चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी करने की तारीख आगे बढ़ाकर अब 17 नवंबर 2026 कर दी है. इसके बाद प्रदेश के मतदाताओं को नाम जुड़वाने, कटवाने या किसी तरह की गलती सुधारने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक का समय मिलेगा.
UP की सभी 403 विधानसभा सीटों के लिए बदला कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने 10 नवंबर को इस संबंध में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है. इसके तहत अब एकीकृत ड्राफ्ट मतदाता सूची 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी. इस पुनरीक्षण के लिए 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि निर्धारित किया गया है.
वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने से लेकर गलती सुधारने तक का मौका
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद मतदाता अपनी और परिवार के सदस्यों की जानकारी जांच सकेंगे. अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है, तो वह उसे जुड़वाने के लिए दावा कर सकता है. वहीं, किसी व्यक्ति का नाम हटवाना हो या पहले से दर्ज नाम, पते और अन्य विवरण में कोई गलती हो, तो उसके सुधार के लिए भी आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है. इसके लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे.
28 दिसंबर तक निपटेंगी शिकायतें
निर्वाचन आयोग के नए कार्यक्रम के मुताबिक, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में सुधार से जुड़े सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा. इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी. यानी ड्राफ्ट सूची जारी होने से लेकर अंतिम सूची आने तक पूरी प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएगी.
प्रशासन को प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी, मतदाताओं से भी अपील
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया है. इसके लिए समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और अन्य संचार माध्यमों की मदद लेने को कहा गया है. साथ ही, सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को भी नए कार्यक्रम की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर सभी काम पूरे करने को कहा है. वहीं, प्रदेश के पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल अपने नाम ही नहीं, बल्कि परिवार के अन्य सदस्यों के नाम और विवरण भी जांचें. अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूट गया है या जानकारी में गलती है, तो निर्धारित अवधि में दावा या आपत्ति जरूर दर्ज कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
