UP Traffic Alert: 26 नवंबर को कांग्रेस की रैली से बदलेगा ट्रैफिक, हजरतगंज-विधानसभा समेत कई रास्तों पर रहेगी रोक, देखें नया रूट
लखनऊ में कांग्रेस रैली को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन (AI Image
26 नवंबर को लखनऊ में कांग्रेस की रैली के कारण कई प्रमुख सड़कें प्रतिबंधित रहेंगी. हजरतगंज और विधानसभा क्षेत्र में ट्रैफिक डायवर्ट होगा. जानें पूरा प्लान.
UP Traffic Alert: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 26 नवंबर को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक का नया रूट जरूर देख लें. कांग्रेस पार्टी की प्रस्तावित रैली को देखते हुए शहर के हजरतगंज और विधानसभा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बदली गई है. पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने इसके लिए विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है. इसके तहत कई प्रमुख रास्तों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. डायवर्जन सुबह 9 बजे से रैली समाप्त होने तक लागू रहेगा. इस दौरान रोडवेज और सिटी बसों के रूट भी बदले रहेंगे.
हजरतगंज, विधानसभा और राजभवन मार्ग पर प्रतिबंध
पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, बंदरियाबाग चौराहे से राजभवन, डीएसओ चौराहा, हजरतगंज चौराहा, जीपीओ मोड़ और विधानसभा की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा. इन रास्तों के बजाय वाहन लालबत्ती चौराहा, कैंट, गोल्फ क्लब चौराहा और 1090 चौराहे की ओर से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे. इसी तरह डीएसओ चौराहे से हजरतगंज, जीपीओ पार्क और विधानसभा मार्ग की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. यहां से जाने वाले वाहन पार्क रोड और मेफेयर तिराहे का इस्तेमाल कर सकेंगे. रॉयल होटल चौराहे से विधानसभा के सामने होते हुए हजरतगंज जाने वाले वाहनों को भी दूसरे रास्तों से भेजा जाएगा. इनके लिए कैसरबाग, परिवर्तन चौक, सुभाष चौराहा, चिरैयाझील और बर्लिंगटन चौराहे के रास्ते निर्धारित किए गए हैं.
गोमतीनगर से चारबाग जाने वाले इन रास्तों का करें इस्तेमाल
गोमतीनगर से कैंट, चारबाग, आलमबाग और चौक की ओर जाने वाले वाहन गोल्फ क्लब चौराहा, राजभवन, डीएसओ चौराहा, हजरतगंज और विधानसभा मार्ग का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे. ऐसे वाहनों को समतामूलक चौराहे से ग्रीन कॉरिडोर होते हुए डालीगंज चौराहे की ओर भेजा जाएगा. इसके अलावा ताज अंडरपास, पिपराघाट और दिलकुशा चौराहे के रास्ते भी अपने गंतव्य तक पहुंचा जा सकेगा. सिकंदरबाग चौराहे से चारबाग, चौक और कैसरबाग जाने वाले वाहनों को भी हजरतगंज और विधानसभा की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी. इन्हें सुशीला स्मृतिका ग्रीन कॉरिडोर चौराहे से ग्रीन कॉरिडोर, डालीगंज चौराहा और सीडीआरआई तिराहे के रास्ते भेजा जाएगा. वहीं, परिवर्तन चौक और अलका तिराहे से गोमतीनगर, कैंट, अर्जुनगंज, तेलीबाग और आलमबाग जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं.
रोडवेज और सिटी बसों के रूट में भी बदलाव
ट्रैफिक डायवर्जन का असर रोडवेज और सिटी बसों पर भी पड़ेगा. संकल्प वाटिका पुल के नीचे तिराहे और महानगर की ओर से चारबाग व कैसरबाग जाने वाली बसें सिकंदरबाग, हजरतगंज और विधानसभा मार्ग से नहीं जा सकेंगी. इन बसों को सुशीला स्मृतिका ग्रीन कॉरिडोर से डालीगंज चौराहा और सीडीआरआई तिराहे के रास्ते भेजा जाएगा. वहीं, केकेसी तिराहे और चारबाग की ओर से गोमतीनगर जाने वाली बसें हुसैनगंज, रॉयल होटल और विधानसभा मार्ग का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगी. इनके लिए लोको चौराहा, कैंट और कटाईपुल चौराहे का रास्ता तय किया गया है. गोमतीनगर से चारबाग, कैसरबाग और चौक जाने वाली बसें समतामूलक चौराहे से ग्रीन कॉरिडोर होते हुए डालीगंज और सीडीआरआई तिराहे से गुजरेंगी.
एंबुलेंस और स्कूली वाहनों को मिलेगी छूट
पुलिस कमिश्नरेट की ओर से स्पष्ट किया गया है कि डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस और स्कूली वाहनों को जरूरत के अनुसार छूट दी जाएगी. किसी व्यक्ति को चिकित्सकीय आपात स्थिति में प्रतिबंधित मार्ग से गुजरना जरूरी हुआ, तो ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की मदद से रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा. लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 26 नवंबर को हजरतगंज, विधानसभा और आसपास के इलाकों में जाने से पहले डायवर्जन प्लान की जानकारी जरूर कर लें. इससे जाम और अनावश्यक परेशानी से बचने में मदद मिलेगी.
ट्रैफिक कंट्रोल नंबर: 9454405155
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
