2017 से पहले सरकारी नौकरी पर था सिर्फ एक खानदान का अधिकार, विश्व युवा कौशल दिवस पर बोले सीएम योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ
UP Politics News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्व युवा कौशल दिवस पर कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों पर एक खानदान का अधिकार था और युवाओं को पहचान का संकट झेलना पड़ता था. उन्होंने बताया कि कैसे आज प्रदेश अपनी युवा शक्ति और कौशल विकास के दम पर देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रहा है.
UP Politics News: यूपी में वर्ष 2017 से पहले नौकरी निकलती नहीं थी. अगर किसी विभाग में निकल भी गई तो चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली पर निकल पड़ती थी. बिना पैसे के सरकारी भर्ती पूरी होना मुश्किल माना जाता था और कई मामलों में अदालतों को हस्तक्षेप कर भर्ती प्रक्रियाओं पर रोक लगानी पड़ती थी. क्योंकि 2017 से पहले सरकारी नौकरी पर एक खानदान का अधिकार था. यह बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर कही. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौर में युवाओं के सामने पहचान का संकट था. प्रदेश के बाहर यूपी के युवाओं को सम्मान नहीं मिलता था, जबकि आज उत्तर प्रदेश अपनी युवा शक्ति, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों के दम पर देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने का काम कर रहा है.
युवाओं के लिए 2017 से पहले का दौर चुनौतीपूर्ण था
विश्व युवा कौशल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था कमजोर थी और युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए थे. उन्होंने कहा कि कौशल विकास की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित थीं. युवाओं के सामने रोजगार का संकट था और पढ़ाई पूरी करने के बाद भी उन्हें अपने भविष्य को लेकर अनिश्चितता का सामना करना पड़ता था.
प्रदेश के बाहर पहचान का संकट था
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उस समय यदि कोई युवा डिग्री, डिप्लोमा या प्रमाणपत्र हासिल भी कर लेता था, तब भी उसे रोजगार के लिए प्रदेश से बाहर जाना पड़ता था. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की छवि ऐसी बना दी गई थी कि दूसरे राज्यों में यूपी के युवाओं को सम्मान नहीं मिलता था. इससे युवाओं में निराशा और पहचान का संकट पैदा हो गया था. उन्होंने कहा कि आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और उत्तर प्रदेश देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.
भर्ती प्रक्रिया पर उठाए सवाल
सीएम योगी ने अपने संबोधन में सरकारी भर्तियों को लेकर भी पूर्व सरकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाएं पारदर्शी नहीं थीं और भ्रष्टाचार के आरोप आम बात थे. पूर्व सरकार के कार्यकाल में कई बार भर्ती निकलती ही नहीं थी और यदि निकलती भी थी तो उस पर सवाल खड़े हो जाते थे. इसी कारण अनेक मामलों में न्यायालयों को हस्तक्षेप करना पड़ता था और भर्ती प्रक्रियाएं लंबे समय तक अटक जाती थीं.
कौशल विकास को नई दिशा देने का दावा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र सरकार ने पहली बार कौशल विकास मंत्रालय का गठन किया, जिससे इस क्षेत्र को नई पहचान मिली. उन्होंने कहा कि इसके बाद राज्यों को भी स्किल डेवलपमेंट को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया गया. उत्तर प्रदेश ने भी इस दिशा में तेजी से काम किया और युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करने की पहल शुरू की.
युवा शक्ति को बताया सबसे बड़ी ताकत
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक युवा आबादी वाला राज्य है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की युवा शक्ति को कौशल से जोड़कर उसे ‘डेमोग्राफिक डिविडेंड’ में बदला जा रहा है. सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान दे सकें. उन्होंने कहा कि साझा भविष्य तभी संभव है, जब अवसर भी सभी के लिए समान रूप से उपलब्ध हों.
यह भी पढ़ें: हाईकोर्ट के आदेश पर सामने आई यूपी के 16 हजार स्कूलों की हकीकत, कहीं एक शिक्षक तो कहीं स्कूल ही बंद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By राधेश्याम कुशवाहा
राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










