UP में चीनी सस्ती होने की खुशी हुई फीकी! आटा-तेल ने बिगाड़ा रसोई का बजट, आखिर ऐसा क्या हुआ कि बढ़ गए दाम?

Updated:
विज्ञापन

कीमतों की बढ़ोतरी से बिगड़ा रसोई का बजट

UP News: यूपी में चीनी के दाम में आई राहत के बीच आटा, मैदा, सूजी और सरसों तेल की कीमतों में बढ़ोतरी ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है. प्रयागराज के थोक बाजार में इन आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ गए हैं, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है.

विज्ञापन

UP News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चीनी के दाम में आई तेजी से भले ही अब कुछ राहत मिली है, लेकिन आटा, मैदा, सूजी और सरसों के तेल की कीमतों में बढ़ोतरी ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है. प्रयागराज के थोक बाजार में आटा, मैदा और सूजी के दाम बढ़ गए हैं, जबकि सरसों का खुला तेल 230 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है. चीनी के दाम 70 रुपये प्रति किलो से घटकर 65 रुपये पर आ गए हैं, लेकिन दूसरी जरूरी खाद्य सामग्रियों की बढ़ती कीमतों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

विज्ञापन

चीनी के दाम में आई राहत

सोमवार तक बाजार में चीनी 70 रुपये प्रति किलो बिक रही थी. मंगलवार से इसकी कीमत में कमी आनी शुरू हुई और गुरुवार को चीनी 65 रुपये प्रति किलो पर आ गई. थोक बाजार में गुरुवार को चीनी 5800 रुपये प्रति क्विंटल रही. यानी चीनी के दाम में कमी आई, लेकिन इसी बीच दूसरी जरूरी खाद्य सामग्रियों की कीमतों में तेजी देखने को मिली.

आटा, मैदा और सूजी भी महंगे

इलाहाबाद गल्ला तिलहन व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतीश चंद्र केसरवानी ने बताया कि गुरुवार को थोक बाजार में आटे की कीमत 3180 रुपये से बढ़कर 3280 रुपये प्रति क्विंटल हो गई. वहीं, सूजी 3300 रुपये से बढ़कर 3400 रुपये और मैदा 3240 रुपये से बढ़कर 3320 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया. इस तरह आटा और सूजी में 100-100 रुपये, जबकि मैदा में 80 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है.

सरसों तेल के दाम ने दिया झटका

सरसों के तेल की कीमत में भी बढ़ोतरी हुई है. बोतल बंद सरसों का तेल 190 से 195 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि खुला सरसों का तेल 230 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है. इसके अलावा 15 लीटर फार्च्यून 30 रुपये और पाम ऑयल 60 रुपये महंगा हुआ है. थोक बाजार में दाम बढ़ने का असर अब फुटकर बाजार पर भी पड़ने की बात कही गई है.

फुटकर बाजार में क्या हैं ताजा दाम?

गुरुवार को फुटकर बाजार में चीनी 65 रुपये प्रति किलो, आटा 35-36 रुपये, मैदा 35 रुपये और सूजी 35 रुपये प्रति किलो रही. रिफाइंड तेल 145 रुपये प्रति लीटर, सरसों का बोतल बंद तेल 190-195 रुपये प्रति लीटर और खुला सरसों का तेल 230 रुपये प्रति लीटर रहा. चीनी के दाम में कमी के बावजूद आटा, मैदा, सूजी और तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से रसोई के बजट पर असर पड़ने की स्थिति बन गई है.

Must Read: जन्मोत्सव पर मथुरा पहुंचे सीएम योगी: श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गर्भगृह में टेका माथा

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola