P से पहली हार, D से दूसरी हार… A से अबकी बार हार! मथुरा से PDA तक अखिलेश यादव पर राजभर का हमला, बोले- ‘कृष्ण के नहीं, कंस के वंशज हैं'

Updated:
विज्ञापन

ओम प्रकाश राजभर

मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को जन्माष्टमी पर मथुरा न जाने और शिक्षक दिवस पर पाठशाला शुरू करने को लेकर निशाना साधा है. उन्होंने PDA का नया अर्थ बताते हुए 2027 में सपा की हार की भविष्यवाणी की.

विज्ञापन

UP Politics: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. बलिया स्थित अपने प्रधान कार्यालय पर मीडिया से बातचीत के दौरान राजभर ने अखिलेश यादव को भगवान कृष्ण के बजाय कंस का वंशज बताया. उन्होंने जन्माष्टमी के मौके पर अखिलेश यादव के मथुरा नहीं जाने को लेकर भी सवाल उठाया. इसके साथ ही राजभर ने समाजवादी पार्टी के PDA का नया अर्थ बताते हुए 2027 विधानसभा चुनाव में सपा की हार का दावा किया.

विज्ञापन

जन्माष्टमी पर मथुरा नहीं जाने पर सवाल

ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव यदुवंशी हैं, लेकिन भगवान कृष्ण के नहीं बल्कि कंस के वंशज हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर अखिलेश कृष्ण के वंशज होते तो जन्माष्टमी के मौके पर मथुरा जरूर जाते. राजभर ने यह भी कहा कि अखिलेश यादव कृष्ण के वंशज हैं या नहीं और भगवान कृष्ण को मानते हैं या नहीं, इसको लेकर स्थिति साफ नहीं है. उन्होंने तंज करते हुए कहा कि बात भगवान कृष्ण की की जा रही है, लेकिन पूजा कंस के वंशजों की की जाती है.

शिक्षक दिवस पर भी साधा निशाना

शिक्षक दिवस पर अखिलेश यादव के ‘पाठशाला पुकारे’ अभियान पर राजभर ने निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अखिलेश को अपने कार्यकाल और आज के स्कूलों की स्थिति की तुलना करनी चाहिए. राजभर ने दावा किया कि पहले बच्चे होमगार्ड की वर्दी और टाट पर बैठकर पढ़ते थे, जबकि आज बच्चे वर्दी-बैग के साथ बेंच पर पढ़ाई कर रहे हैं. उन्होंने इसे सपा-कांग्रेस और मौजूदा सरकार के बीच का अंतर बताया.

PDA का बताया नया मतलब, 2027 पर किया दावा

राजभर ने समाजवादी पार्टी के PDA का नया फुल फॉर्म बताते हुए कहा कि ‘P’ का मतलब 2017 में पहली बार हार, ‘D’ का मतलब 2022 में दूसरी बार हार और ‘A’ का मतलब 2027 में अबकी बार हार है. इस तरह उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की हार की भविष्यवाणी की.

आकाश आनंद और संजय निषाद के ऑफर पर बोले

बसपा नेता आकाश आनंद को निषाद पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद की ओर से दिए गए ऑफर को लेकर भी राजभर ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि आकाश आनंद अभी बसपा में हैं, ऐसे में वह उनके यहां कैसे जाएंगे. राजभर ने यह भी कहा कि आकाश आनंद बसपा की बदौलत हैं, बसपा उनकी बदौलत नहीं है.

AI वीडियो वार पर भी अखिलेश को घेरा

अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच चल रहे AI वीडियो विवाद पर राजभर ने बिहार की राजनीति का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि बिहार में भी AI के जरिए राजनीतिक वार हुआ था और उसके बाद RJD की स्थिति क्या हुई, यह सबको पता है. राजभर ने दावा किया कि अब समाजवादी पार्टी का भी वही हाल होने वाला है. उन्होंने कहा कि अगर AI वीडियो बनाना है तो उसमें सच्चाई भी दिखाई जानी चाहिए. इसी दौरान राजभर ने सपा सरकार के समय के दंगों का जिक्र किया और योगी सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में बने एक्सप्रेसवे को विकास के उदाहरण के तौर पर पेश किया. उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों का भी उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा.

Must Read: चेहरा कुछ और, कहानी कुछ और… प्रयागराज में फूल-पौधों की नर्सरी की आड़ में चल रही थी ड्रग फैक्टरी, जांच में सामने आया पूरा खेल

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola