बुलेट की मांग पूरी नहीं हुई तो दूल्हे ने कपड़े उताकर किया हंगामा, दुल्हन ने शादी से किया इनकार
दूल्हे ने कपड़े उताकर किया हंगामा
UP News मुजफ्फरनगर में दहेज में बुलेट बाइक की मांग पूरी न होने पर शादी समारोह में जमकर हंगामा हो गया. आरोप है कि नशे में धुत दूल्हे ने अभद्रता करते हुए कपड़े उतार दिए जबकि विरोध करने पर फायरिंग और धमकी देने का भी आरोप लगा. घटना के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी.
UP News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में दहेज में बुलेट बाइक की मांग पूरी न होने पर शादी समारोह में जमकर हंगामा हो गया. आरोप है कि नशे में धुत दूल्हे ने कपड़े उतारकर अभद्रता की सारी हदें पार कर दीं, और विरोध करने पर उसके पिता पर फायरिंग करने का आरोप लगा. घटना के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया और बारात बिना दुल्हन लौट गई.
दहेज में बुलेट की मांग पर शुरू हुआ विवाद
मामला मुजफ्फरनगर के एक गांव का है. जानकारी के अनुसार, डूंगर गांव निवासी मांगेराम का बेटा शिवम सोमवार सुबह बारात लेकर टांडा माजरा पहुंचा था. लड़की पक्ष का आरोप है कि दूल्हा शराब के नशे में था. शादी की रस्मों से पहले उसने दहेज में बुलेट बाइक की मांग कर दी. जब परिजनों ने असमर्थता जताई तो उसने विवाह स्थल पर ही शर्ट और पैंट उतार दी और बनियान व अंडरवियर में हंगामा करने लगा. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
फायरिंग और धमकी का भी आरोप
दुल्हन के पिता का आरोप है कि उन्होंने शादी की तैयारियों में करीब सात लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन इसके बावजूद दूल्हा पक्ष दहेज की मांग पर अड़ा रहा. विरोध करने पर दूल्हा पक्ष के एक युवक ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी. वहीं, दूल्हे के पिता पर हवाई फायरिंग करने का भी आरोप लगाया गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
दुल्हन ने शादी से किया इनकार
घटना से नाराज दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई. पुलिस दूल्हे को मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गई, जहां उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई.
पुलिस ने शुरू की जांच
सीओ गजेंद्रपाल सिंह ने बताया कि मेडिकल जांच में दूल्हे के नशे में होने की पुष्टि हुई है. हालांकि, उन्होंने फायरिंग की घटना की पुष्टि नहीं की. पुलिस का कहना है कि लड़की पक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. वहीं, वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.
-खुशबू कुमारी की रिपोर्ट
Read Also- फ्रांस की पर्यटक से ठगी: 50 यूरो लेकर कैब चालक गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए