कैब ड्राइवर की चालाकी पड़ी भारी, फ्रांस की पर्यटकों के 50 यूरो लौटवाकर पुलिस ने सीज की कार

Updated:
विज्ञापन
विदेशी महिलाओं से ठगी का मामला

विदेशी महिलाओं से ठगी का मामला

UP News: फ्रांस की दो महिला पर्यटक आगरा में कैब चालक की ठगी का शिकार हो गईं. भारतीय मुद्रा की जानकारी न होने पर उन्होंने गलती से 500 रुपये की जगह 50 यूरो दे दिए. स्थानीय गाइड की सतर्कता से मामला खुला और पुलिस ने कार्रवाई की.

विज्ञापन

UP News: आगरा में ताजमहल देखने आईं फ्रांस की दो महिला पर्यटक कैब चालक की चालाकी का शिकार हो गईं. दोनों ने दिल्ली से आगरा आने के लिए ऑनलाइन कैब बुक की थी और किराया पहले ही ऑनलाइन चुका दिया था. आगरा पहुंचने के बाद चालक ने एयरपोर्ट पार्किंग और फ्लाइट लेट होने का हवाला देकर उनसे 500 रुपये अतिरिक्त मांगे. भारतीय मुद्रा की जानकारी न होने के कारण महिलाओं ने गलती से 500 रुपये की जगह 50 यूरो का नोट दे दिया, जिसकी कीमत करीब 5 हजार रुपये है. इस बात की जानकारी जब महिलाओं को हुई, तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की.

दिल्ली से आगरा पहुंचने के बाद हुआ पूरा घटनाक्रम

जानकारी के मुताबिक, फ्रांस की रहने वाली जूलियट ईवा और उनकी साथी वैरोनिका मंगलवार सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पहुंचीं. वहां से उन्होंने ऑनलाइन बुक की गई कैब से आगरा के लिए सफर किया. शहर पहुंचने पर कैब चालक अजहरुद्दीन ने दावा किया कि फ्लाइट लेट होने और एयरपोर्ट पार्किंग के कारण अतिरिक्त शुल्क देना होगा. इसके बाद उसने दोनों पर्यटकों को ताजमहल के पूर्वी गेट की बजाय पुरानी मंडी क्षेत्र में उतार दिया और 500 रुपये की मांग की.

भारतीय करेंसी की जानकारी नहीं होने से हुई गलती

दोनों विदेशी पर्यटकों को भारतीय नोटों की पूरी जानकारी नहीं थी. उन्होंने 500 रुपये समझकर 50 यूरो का नोट चालक को दे दिया. चालक ने भी उन्हें यह नहीं बताया कि नोट की कीमत 500 रुपये से कई गुना अधिक है और पैसे लेकर वहां से आगे बढ़ गया.

स्थानीय गाइड की सतर्कता से खुला मामला

घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक स्थानीय गाइड की नजर महिला के हाथ में रखे यूरो पर पड़ी. बातचीत के दौरान जब पूरी जानकारी सामने आई तो महिलाओं को अपनी गलती का एहसास हुआ. 500 रुपये की जगह करीब 5 हजार रुपये देने की बात पता चलते ही एक महिला भावुक होकर रो पड़ी. इसके बाद गाइडों ने तुरंत ताज सुरक्षा पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही ताज सुरक्षा पुलिस ने कैब चालक को बुलाकर पूछताछ की. पूछताछ के बाद चालक ने दोनों महिलाओं के 50 यूरो वापस कर दिए. रकम वापस मिलने पर विदेशी पर्यटकों ने राहत की सांस ली और पुलिस तथा स्थानीय गाइडों का धन्यवाद किया. ताज सुरक्षा के एसीपी यतेंद्र नागर ने बताया कि दोनों महिलाओं ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई, लेकिन पुलिस ने शांति भंग की आशंका के तहत चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी कार सीज कर दी.

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

ताजमहल क्षेत्र में पर्यटकों के साथ ठगी की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं. होटल बुकिंग, खरीदारी, फर्जी गाइड और अन्य बहानों से देशी-विदेशी पर्यटकों को निशाना बनाए जाने के कई मामले दर्ज हो चुके हैं. पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती है, लेकिन पर्यटकों से जुड़ी इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाना अब भी चुनौती बना हुआ है.

- कोमल अग्रवाल की रिपोर्ट



विज्ञापन
राधेश्याम कुशवाहा

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. ज्योतिष शास्त्र, व्रत त्योहार, राशिफल के आलावा राजनीति, अपराध और पॉजिटिव खबरों को लिखने में रुचि हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola