UP मे ध्वस्तीकरण के दौरान हादसा, मंदिर का गुंबद गिरने से PWD कर्मचारी की मौत

Updated:
विज्ञापन

ध्वस्तीकरण के दौरान मंदिर का दृश्य

UP News: चंदौली जिले के डीडीयू नगर में सड़क चौड़ीकरण के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. प्राचीन काली मंदिर का विशाल गुंबद अचानक गिर पड़ा. जिससे लोक निर्माण विभाग के एक कर्मचारी की मौत हो गई और एक स्थानीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद ध्वस्तीकरण का कार्य रोक दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

विज्ञापन

UP News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के डीडीयू नगर में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के दौरान शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया. प्राचीन काली मंदिर को हटाने की कार्रवाई के दौरान मंदिर का विशाल गुंबद अचानक भरभराकर गिर पड़ा. हादसे में लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि एक स्थानीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ध्वस्तीकरण का कार्य तत्काल रोक दिया गया.

ध्वस्तीकरण के दौरान हुआ हादसा

मुगलसराय रेलवे स्टेशन के सामने स्थित वर्षों पुराने काली मंदिर को सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत हटाया जा रहा था. प्रशासन ने पहले स्थानीय लोगों और मंदिर समिति की सहमति से सुभाष पार्क परिसर में नया मंदिर बनवाया. विधि-विधान से मां काली की प्रतिमा वहां स्थापित करने के बाद पुराने मंदिर को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई थी.

शुक्रवार देर रात प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से ध्वस्तीकरण का कार्य चल रहा था. इसी दौरान मंदिर का ऊपरी गुंबद अचानक टूटकर गिर पड़ा. बताया जा रहा है कि गुंबद पहले जेसीबी से टकराया और फिर दिशा बदलते हुए पास खड़े लोगों की ओर जा गिरा.

PWD कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत

हादसे में डांडी निवासी 59 वर्षीय पीडब्ल्यूडी कर्मचारी बलदेव यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके साथ एक स्थानीय नागरिक भी मलबे की चपेट में आ गया. दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान बलदेव यादव ने दम तोड़ दिया. दूसरे घायल का उपचार जारी है.

मौके पर मची अफरा-तफरी, अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत-बचाव दल chandauli-तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर बचाव कार्य शुरू कराया. सुरक्षा कारणों से ध्वस्तीकरण का काम कुछ समय के लिए रोक दिया गया.

जांच के दिए गए निर्देश

घटना के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि ध्वस्तीकरण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किस स्तर तक किया गया था. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

- खुशबू कुमारी की रिपोर्ट

Also Read: यूपी में पहली बार नई व्यवस्था, जिला पंचायत अध्यक्ष भी बने प्रशासक, अधिकार रहेंगे सीमित


विज्ञापन
राधेश्याम कुशवाहा

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola