UP के यात्रियों के लिए खुशखबरी, त्योहार में घर जाने में नहीं होगी परेशानी, लखनऊ होकर मुंबई के लिए चलेंगी 2 स्पेशल ट्रेनें,
लखनऊ होकर चलेंगी 2 स्पेशल ट्रेनें
त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने खास इंतजाम किए हैं. अब लखनऊ होकर मुंबई के लिए दो नई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलेंगी. जानें इन ट्रेनों का रूट और समय.
Festival Special Train : त्योहार के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. ये दोनों ट्रेनें लखनऊ होकर मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनल तक जाएंगी. इनमें एक ट्रेन सुल्तानपुर और दूसरी वाराणसी से चलेगी. स्पेशल ट्रेनों के संचालन से त्योहार के दौरान मुंबई जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है. उत्तर रेलवे ने सुल्तानपुर और वाराणसी से लखनऊ होकर लोकमान्य तिलक टर्मिनल के बीच आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया है.
सुल्तानपुर से हर बुधवार और मुंबई से हर गुरुवार चलेगी ट्रेन
04212/04211 सुल्तानपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल -सुल्तानपुर आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस 21 अक्तूबर से 11 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को सुल्तानपुर से चलेगी. वापसी में यह ट्रेन 22 अक्तूबर से 12 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को लोकमान्य तिलक टर्मिनल से चलेगी. 04212 सुल्तानपुर से सुबह 4 बजे रवाना होकर सुबह 6.20 बजे लखनऊ पहुंचेगी. यहां से 6.30 बजे ट्रेन आगे के लिए रवाना होगी. इसके बाद कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण और ठाणे होते हुए अगले दिन दोपहर 2 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनल पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन 04211 लोकमान्य तिलक टर्मिनल से दोपहर 3 बजे चलेगी. निर्धारित स्टेशनों से होते हुए यह रात 8.50 बजे लखनऊ पहुंचेगी. यहां से रात 9 बजे रवाना होकर रात 11 बजे सुल्तानपुर पहुंचेगी.
वाराणसी से भी मुंबई के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
04226/04225 वाराणसी-लोकमान्य तिलक टर्मिनल -वाराणसी आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस 22 अक्तूबर से 12 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को वाराणसी से चलेगी. वापसी में 23 अक्तूबर से 13 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को लोकमान्य तिलक टर्मिनल से इसका संचालन होगा. 04226 वाराणसी से रात 1.35 बजे रवाना होगी. जौनपुर सिटी और सुल्तानपुर होते हुए सुबह 6.20 बजे लखनऊ पहुंचेगी. यहां से सुबह 6.30 बजे रवाना होकर ट्रेन कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण और ठाणे होते हुए दोपहर 2 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनल पहुंचेगी. वापसी में 04225 लोकमान्य तिलक टर्मिनल से दोपहर 3 बजे रवाना होगी. यह रात 8.50 बजे लखनऊ पहुंचेगी और रात 9 बजे यहां से चलकर अगले दिन रात 2.05 बजे वाराणसी पहुंचेगी.
ट्रेन में होंगे 14 थर्ड एसी इकोनॉमी और 4 जनरल कोच
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता के अनुसार, फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन में थर्ड एसी इकोनॉमी के 14 और जनरल के 4 कोच होंगे. यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले रेलवे की वेबसाइट या 139 पर ट्रेन के समय और ठहराव की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें.
दिल्ली से वाराणसी के लिए भी चलेगी विशेष ट्रेन
त्योहार के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त संख्या को देखते हुए उत्तर रेलवे दिल्ली से लखनऊ होकर वाराणसी के लिए भी दो दिन विशेष ट्रेन चलाने की तैयारी कर रहा है. वापसी में यही ट्रेन वाराणसी से दिल्ली के लिए चलेगी. इससे दिल्ली, लखनऊ और वाराणसी के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त सुविधा मिलेगी.
Also Read : UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 11 IAS-PCS अफसरों का ट्रांसफर, कई बड़े नाम सूची में शामिल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए