CBI Action: बिहार के अधिकारी का लखनऊ में रिश्वत कांड! 3 लाख रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, 10 लाख की थी डिमांड
लखनऊ में CBI की कार्रवाई, रिश्वत लेते गिरफ्तार अधिकारी (AI Image)
CBI की बड़ी कार्रवाई: बिहार के रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज रमेश कुमार लखनऊ में 3 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हुए. 10 लाख की डिमांड का था मामला.
Lucknow CBI Raid: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार में तैनात रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज रमेश कुमार को गिरफ्तार किया है. सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच ने उन्हें वृंदावन इलाके में 3 लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा. आरोप है कि उन्होंने एक कंपनी संचालक से स्क्रैप के ठेके से जुड़े मामले में काम कराने के बदले 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी. शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की.
स्क्रैप के ठेके में अड़ंगा डालकर मांगे 10 लाख रुपये
मामला एक कंपनी के स्क्रैप ठेके से जुड़ा बताया जा रहा है. आरोप है कि पटना में तैनात रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज रमेश कुमार कंपनी संचालक के काम में अड़ंगा डाल रहे थे. इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर काम कराने के बदले 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी. रिश्वत की मांग से परेशान कंपनी संचालक ने सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई.
3 लाख रुपये लेते ही CBI ने बिछाए जाल में पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की जांच की और आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया. तय योजना के तहत टीम ने लखनऊ के वृंदावन इलाके में कार्रवाई की. इसी दौरान रमेश कुमार 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़े गए. सीबीआई ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया.
लखनऊ और रायबरेली में ठिकानों पर छापेमारी
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम रमेश कुमार से जुड़े ठिकानों की तलाशी में जुट गई. लखनऊ और रायबरेली में उनके ठिकानों पर छापेमारी की गई है. जांच एजेंसी इस बात का पता लगा रही है कि रिश्वत के इस मामले से जुड़े अन्य तथ्य क्या हैं और कहीं इसमें दूसरे लोग भी शामिल तो नहीं हैं.
लिक्विडेटिंग ऑफिसर की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे
रमेश कुमार बिहार में रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के पद पर तैनात थे. इसके अलावा वह लिक्विडेटिंग ऑफिसर की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे. गिरफ्तारी के बाद अब उन्हें सीबीआई की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाना है. मामले में सीबीआई की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
