पति नहीं आया लेने, मां ने 3 बेटियों को खिलाया जहर, मिर्जापुर की घटना से हर कोई सन्न

Updated:
विज्ञापन

पुलिस घटने की जांच कर रही है

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पति के दूसरी शादी करने के शक में एक महिला ने अपनी तीन बेटियों को खाने में ज़हर मिलाकर खिला दिया और खुद भी वही ज़हरीला खाना खा लिया. इस भयानक घटना में माँ और दो बेटियों की मौत हो गई है.

विज्ञापन

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव में एक महिला ने कथित तौर पर अपनी तीन बेटियों को खाने में जहर मिलाकर खिला दिया और बाद में खुद भी वही जहरीला भोजन खा लिया. कुछ ही देर में चारों की तबीयत बिगड़ गई. परिजन और पड़ोसी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई. वहीं एक बेटी का वाराणसी में इलाज जारी है.

विज्ञापन

पति पर दूसरी शादी का था शक

पुलिस के अनुसार, मृतका कुसुम (38) को शक था कि उसके पति धर्मेंद्र धरिकार ने दिल्ली में दूसरी शादी कर ली है. धर्मेंद्र दिल्ली में काम करता है. पारिवारिक विवाद के बाद कुसुम करीब दो महीने पहले अपनी चारों बेटियों सुनैना (15), मधु (12), राधिका (10) और सत्या (8) को लेकर मायके चली गई थी और वहीं रह रही थी.

समझौते के बाद भी लेने नहीं पहुंचा पति

पुलिस ने बताया कि 12 जुलाई को संतनगर थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था. तय हुआ था कि 13 जुलाई को धर्मेंद्र अपनी पत्नी को विदा कराकर घर ले जाएगा. लेकिन वह न तो ससुराल पहुंचा और न ही पत्नी से संपर्क किया. इससे नाराज कुसुम ने पति को कई बार फोन किया, लेकिन बात नहीं हो सकी. इसके बाद वह सोमवार शाम अपने बच्चों के साथ ससुराल पहुंच गई.

खाने में मिलाई चूहे मारने की दवा

पुलिस के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद कुसुम ने खाना बनाया और उसमें कथित तौर पर चूहे मारने की दवा मिला दी. उसने अपनी बेटियों मधु, राधिका और सत्या को खाना खिलाया और बाद में खुद भी वही खाना खा लिया. इस दौरान बड़ी बेटी सुनैना पड़ोस में अपने पिता के बारे में जानकारी लेने गई हुई थी. लौटने पर उसने मां और बहनों की बिगड़ी हालत देख शोर मचाया.

इलाज के दौरान तीन की मौत

शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और सभी को मड़िहान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया. इलाज के दौरान कुसुम और उसकी बेटी राधिका की मौत हो गई. गंभीर हालत में मधु और सत्या को वाराणसी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में सत्या ने भी दम तोड़ दिया. फिलहाल मधु का वाराणसी में इलाज चल रहा है.

बड़ी बेटी ने लगाया दूसरा आरोप, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद बड़ी बेटी सुनैना ने आरोप लगाया कि गांव के रहने वाले कन्हैया पटेल ने उसकी मां और बहनों को जहर दिया है. हालांकि, उसने इस आरोप के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया. पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है और साथ ही फरार पति धर्मेंद्र की तलाश भी जारी है.

Must Read- पत्नी के मायके पर बमबाजी, मुख्य आरोपी मुंबई फरार, पुलिस की एक टीम मुंबई रवाना कर दी गई है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola