यूपी में 26 हजार बंद स्कूलों को करेंगे चालू, 102-108 एम्बुलेंस को बीजेपी ने किया बर्बाद, अखिलेश यादव ने PDA के लिए किया 5 दावा

Updated:
विज्ञापन

अखिलेश यादव का बड़ा चुनावी ऐलान

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनने पर करीब 26 हजार बंद सरकारी स्कूलों को फिर से खोलने का वादा किया है. उन्होंने कहा कि पीडीए समाज को उसकी आबादी के अनुपात में अधिकार और हिस्सेदारी दी जाएगी.

विज्ञापन

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में शिक्षा और पीडीए समाज को लेकर बड़ा राजनीतिक एलान किया है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर भाजपा सरकार के कार्यकाल में बंद किए गए करीब 26 हजार स्कूलों को फिर से खोला जाएगा. अखिलेश यादव ने कहा कि सरकारी स्कूलों में बड़ी संख्या में पीडीए समाज के बच्चे पढ़ते हैं और उनकी सरकार आने पर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ इन स्कूलों को दोबारा शुरू करने की दिशा में काम किया जाएगा.

विज्ञापन

102 और 108 एम्बुलेंस सेवा को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना

अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में शुरू और मजबूत की गई 102 तथा 108 एम्बुलेंस सेवाओं की व्यवस्था को मौजूदा सरकार ने बर्बाद कर दिया है. उन्होंने कहा कि गरीब मरीजों, गर्भवती महिलाओं, नवजात बच्चों और गंभीर मरीजों के लिए एम्बुलेंस सेवा बेहद महत्वपूर्ण है. सपा सरकार बनने पर स्वास्थ्य सेवाओं के ढांचे को बेहतर करने और एम्बुलेंस व्यवस्था को मजबूत करने का दावा किया गया.

PDA समाज को आबादी के अनुसार अधिकार देने का दावा

सपा अध्यक्ष ने PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज को लेकर भी बड़ा राजनीतिक संदेश दिया. उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर PDA समाज को उसकी आबादी के अनुपात में अधिकार और हिस्सेदारी देने का प्रयास किया जाएगा. अखिलेश यादव लगातार PDA को सपा की राजनीति का प्रमुख आधार बताते रहे हैं. उनका यह नया दावा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सामाजिक न्याय और प्रतिनिधित्व के मुद्दे को और मजबूती से राजनीतिक बहस के केंद्र में ला सकता है.

रोजगार, सड़क और विभागों के ऑडिट का भी उठाया मुद्दा

अखिलेश यादव ने रोजगार और सरकारी विभागों के कामकाज को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक लाख नौकरियां देने संबंधी दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार का कार्यकाल समाप्त होने में ज्यादा समय नहीं बचा है. सपा अध्यक्ष ने सत्ता में आने पर लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों के कामकाज का ऑडिट कराने की बात कही. उन्होंने प्रदेश की सड़कों की स्थिति और सिंचाई विभाग से जुड़े कथित घोटालों को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए.

2027 चुनाव से पहले अखिलेश के 5 बड़े दावों से गरमाई यूपी की राजनीति

अखिलेश यादव के बयान को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है. बंद स्कूलों को दोबारा खोलने, 102-108 एम्बुलेंस सेवा को मजबूत करने, PDA समाज को आबादी के अनुसार अधिकार देने, रोजगार के मुद्दे को उठाने और सरकारी विभागों के ऑडिट कराने जैसे दावों के जरिए सपा ने कई वर्गों को साधने की कोशिश की है. अब इन वादों और आरोपों को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई बहस तेज होने की संभावना है.


यह भी देखें: डॉक्टर बनने का सपना था, लाखों भी खर्च भी किए, लेकिन 2025 में आए एक नोटिस ने कर दिया सबकुछ खत्म


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola