शाहजहांपुर में सांप के डसने से महिला की मौत, झाड़-फूंक के चक्कर में बिगड़ी हालत, मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही तोड़ा दम
शाहजहांपुर में सांप के डसने के बाद इलाज करते डॉक्टर (AI)
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक दुखद घटना सामने आई है. एक महिला को सांप ने डस लिया, जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने पहुंचे. इससे उसकी हालत और बिगड़ गई.
UP News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में सांप के डसने के बाद एक महिला की मौत हो गई. परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय पहले झाड़-फूंक कराने के लिए लेकर पहुंचे. करीब एक घंटे तक देसी उपचार के बाद भी महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ. इसके बाद उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया.
बिस्तर में मिला सांप, परिजनों ने मार डाला
जानकारी के मुताबिक, परशुरामपुरी थाना क्षेत्र के याकूबपुर मोहल्ला निवासी किरन पत्नी आकाश बुधवार रात अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थी. रात करीब 12 बजे उसके हाथ की उंगली में किसी जीव के काटने से वह चीख पड़ी. आवाज सुनकर पति, देवर और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे. बिस्तर की जांच करने पर उसमें सांप दिखाई दिया. परिजनों ने सांप को मार दिया. इसके बाद किरन की हालत बिगड़ने लगी.
झाड़-फूंक के बाद अस्पताल ले गए
परिजन किरन को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय पहले दूसरे गांव में झाड़-फूंक कराने वाले के पास लेकर पहुंचे. परिजनों के अनुसार, वहां करीब एक घंटे तक देसी उपचार किया गया, लेकिन महिला की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ. इसके बाद परिजन उसे सीएचसी परशुरामपुरी लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.
मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही तोड़ा दम
राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही डॉक्टरों ने किरन की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस के अनुसार, अस्पताल से मेमो मिला है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. मृतका के मायके पक्ष को भी घटना की सूचना दे दी गई है. -शाहजहांपुर से पवन तोमर की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए