ट्रैफिक पुलिस से भिड़े प्रधानपति, बोले मैं प्रधान हूं, मुकदमा लगवा दूंगा... रोजा अड्डे पर आधे घंटे तक हंगामा; VIDEO वायरल

Updated:
विज्ञापन

रोजा अड्डे पर ट्रैफिक पुलिस से भिड़े प्रधानपति, हंगामे का वीडियो वायरल

UP News: शाहजहांपुर के रोजा अड्डे पर एक प्रधानपति ट्रैफिक पुलिस से भिड़ गए. बिना हेलमेट और फोन पर बात करने पर रोके जाने पर उन्होंने पुलिसकर्मी को धमकाया. इस हंगामे से करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा.

विज्ञापन

UP News: शाहजहांपुर के रोजा अड्डे पर बाइक रोकना ट्रैफिक पुलिस के लिए उस वक्त मुश्किल बन गया, जब रानापुर बरकतपुर के प्रधानपति मानवेंद्र सिंह पुलिसकर्मी से भिड़ गए. बिना हेलमेट और मोबाइल पर बात करते हुए बाइक चलाने के आरोप में ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें रोका था. इसके बाद बीच सड़क पर तीखी नोकझोंक हुई और करीब आधे घंटे तक जाम जैसे हालात बने रहे. विवाद के दौरान प्रधानपति द्वारा खुद को प्रधान बताते हुए पुलिसकर्मी पर मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

विज्ञापन

रोजा अड्डे पर ट्रैफिक पुलिस ने रोकी बाइक

मामला शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र के रोजा अड्डे का है. जानकारी के मुताबिक, रानापुर बरकतपुर के प्रधानपति मानवेंद्र सिंह की बाइक ट्रैफिक पुलिस ने रोकी थी. पुलिस का कहना है कि वह बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे और मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे. बाइक रोके जाने के बाद प्रधानपति और ट्रैफिक पुलिसकर्मी के बीच नोकझोंक शुरू हो गई.

मैं प्रधान हूं, मुकदमा लगवा दूंगा...

वायरल वीडियो में प्रधानपति मानवेंद्र सिंह पुलिसकर्मी से बहस करते दिखाई दे रहे हैं. वह खुद को प्रधान बताते हुए पुलिसकर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देते सुनाई दे रहे हैं. बात बढ़ने पर सड़क पर हंगामे जैसी स्थिति बन गई. वहां लोगों की भीड़ भी जुट गई.

पीले कुर्ते वाले युवक ने भी पुलिसकर्मी पर लगाए आरोप

वीडियो में पीले कुर्ते में एक अन्य युवक भी पुलिसकर्मी से बहस करता दिखाई दे रहा है. वह कहता है कि पुलिसकर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा. युवक ने पुलिसकर्मी पर बिना नेम प्लेट के 1500 रुपये मांगने का आरोप भी लगाया. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

आधे घंटे तक जाम जैसे हालात

हंगामे के कारण रोजा अड्डे पर करीब आधे घंटे तक जाम जैसे हालात बने रहे. वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई. सूचना मिलने के बाद रोजा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया. इसके बाद प्रधानपति को घर भेज दिया गया.

मंत्री के करीबी के फोन की भी चर्चा

इस पूरे विवाद के बीच जिले के एक मंत्री के यहां से ट्रैफिक पुलिस के पास फोन आने की चर्चा भी जोरों पर रही. बताया जा रहा है कि मंत्री के एक करीबी ने पुलिसकर्मी को फोन पर चेतावनी दी. हालांकि, पुलिस ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

प्रधानपति बोले- सड़क किनारे खड़े होकर पिता से कर रहा था बात

प्रधानपति मानवेंद्र सिंह ने पुलिस के आरोपों से अलग अपना पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि वह सड़क किनारे खड़े होकर अपने पिता से मोबाइल पर बात कर रहे थे. उनका आरोप है कि इसी दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी और उनकी फोटो खींचने लगा.

यातायात निरीक्षक ने बताया पुलिस का पक्ष

प्रभारी यातायात निरीक्षक विनय पांडेय ने बताया कि मानवेंद्र सिंह बिना हेलमेट के मोबाइल फोन पर बात करते हुए बाइक चला रहे थे. इसी वजह से ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें रोका था. उन्होंने बताया कि बाद में उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया. फिलहाल, ट्रैफिक पुलिस और प्रधानपति के बीच हुई इस नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Also Read: Teacher’s Day पर सपा का बड़ा दांव, बंद स्कूलों के बाहर होगा शिक्षक सम्मान; 11 सितंबर तक चलेगा अभियान

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola