चंपत राय की जगह ले सकते है बीएल बागड़ा? अयोध्या में ट्रस्ट और संघ की सीक्रेट मीटिंग शुरू

राम मंदिर, चंपत राय , अनिल मिश्रा
UP News: अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े फेरबदल की आहट सुनाई दे रही है. चंपत राय के इस्तीफे के बाद संगठन और संघ स्तर पर नए स्थायी महासचिव के नाम पर चर्चा तेज हो गई है. कई गोपनीय बैठकों के बाद अब ट्रस्ट के नए चेहरों के सामने आने की उम्मीद है.
UP News: रामनगरी अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक जारी है. इस बैठक में नए स्थाई महासचिव और खाली पड़े ट्रस्टी पदों को लेकर मंथन किया जाएगा. माना जा रहा है कि बैठक के बाद ट्रस्ट के नए चेहरे सामने आ सकते हैं, जिनमें संतों और विश्व हिंदू परिषद के कुछ प्रमुख नेताओं के नाम चर्चा में हैं. अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक से पहले कई गोपनीय बैठकों ने हलचल बढ़ा दी है. सूत्रों के मुताबिक, राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नए स्थाई महासचिव के नाम को लेकर संगठन और संघ स्तर पर चर्चा चल रही है. जानकारी के अनुसार, अयोध्या के वैदेही भवन परिसर में ट्रस्ट और संघ के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी. इस बैठक में ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी महाराज, विश्व हिंदू परिषद की प्रबंध समिति के सदस्य दिनेश चंद्र, विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री बजरंग लाल बागड़ा (बीएल बागड़ा) समेत कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे. इसके अलावा ट्रस्ट के ट्रस्टी दिनेंद्र दास के आवास पर भी संतों और ट्रस्ट से जुड़े सदस्यों की बैठक हुई. इन बैठकों में नए महासचिव और ट्रस्ट के खाली पदों को लेकर चर्चा होने की बीटी सामने आ रही है.
बीएल बागड़ा के नाम पर चर्चा तेज
सूत्रों के अनुसार, विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री बजरंग लाल बागड़ा (बीएल बागड़ा) को राम मंदिर ट्रस्ट का नया स्थाई महासचिव बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है. चंपत राय के इस्तीफे के बाद यह पद खाली हुआ है. इससे पहले 6 जुलाई को हुई ट्रस्ट की बैठक में भी बीएल बागड़ा का नाम सामने आया था. उस समय उनके साथ बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दानोदिया के नाम पर भी चर्चा हुई थी. दोनों उस दौरान अयोध्या में मौजूद थे. हालांकि, ट्रस्ट की बैठक में नए नामों को लेकर सहमति नहीं बन पाई थी और फैसला टाल दिया गया था.
आज ट्रस्ट की अहम बैठक
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक बुधवार शाम 4 बजे से मणिराम छावनी परिसर में जारी है . इस बैठक में स्थाई महासचिव और दो अन्य नए सदस्यों के नामों पर फैसला होने की संभावना है. बता दें कि वर्तमान में राम मंदिर ट्रस्ट में तीन पद खाली हैं. चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद दो पद खाली हुए थे, जबकि ट्रस्टी बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा के निधन के बाद एक और पद रिक्त हो गया. चंपत राय के इस्तीफे के बाद फिलहाल कृष्ण मोहन अंतरिम महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
कई संतों के नाम भी चर्चा में
ट्रस्ट में नए सदस्यों को शामिल करने के लिए कई संतों और धर्माचार्यों के नामों पर भी विचार किया जा रहा है. रामानंदी वैष्णव संप्रदाय से जुड़े कई प्रमुख संतों के नाम चर्चा में बताए जा रहे हैं.
इन नामों में शामिल हैं—
- सिद्धपीठ हनुमन्निवास के महंत आचार्य मिथिलेशनंदिनीशरण
- मणिरामदास जी की छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयनदास
- श्रीरामवल्लभाकुंज के अधिकारी महंत राजकुमार दास
- रंगमहल पीठाधीश्वर महंत रामशरणदास
- रामकथा कुंज के पीठाधीश्वर डॉ. रामानंददास
- कौशलेश पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी वासुदेवाचार्य विद्याभास्कर
इसके अलावा अयोध्या राजपरिवार के उत्तराधिकारी और प्रसिद्ध साहित्यकार यतींद्र मोहन मिश्र का नाम भी चर्चा में है. उनके पिता बिमलेंद्र मोहन मिश्र राम मंदिर ट्रस्ट और मंदिर निर्माण समिति के सदस्य रहे थे, जिनका हाल ही में निधन हुआ है. अब सभी की नजरें बुधवार को होने वाली ट्रस्ट की बैठक पर टिकी हैं, जहां राम मंदिर ट्रस्ट के भविष्य के नेतृत्व को लेकर बड़ा फैसला सामने आ सकता है.
Also Read: NEET विवाद पर राजभर का राहुल-अखिलेश पर वार, बोले- छात्रों की चिंता नहीं सिर्फ सियासत में जुटा विपक्ष
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










