राम मंदिर चोरी मामला: 24 से 48 घंटों में आ सकती है SIT की फाइनल रिपोर्ट
राम मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़, फोटो एक्स
Ram Mandir Donation Row: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में जांच अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है. न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि, मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) अगले 24 से 48 घंटों के भीतर अपनी अंतिम रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को सौंप सकती है. सरकार ने 1 जुलाई को SIT को 15 दिनों का अतिरिक्त समय दिया था, जिसकी समयसीमा अब खत्म हो रही है और इसे आगे नहीं बढ़ाया जाएगा.
Ram Mandir Donation Row: SIT की शुरुआती जांच रिपोर्ट में मंदिर परिसर के भीतर सुरक्षा और प्रबंधन की गंभीर कमियां सामने आई हैं. 27 अप्रैल से 5 जून 2026 के बीच सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में करीब 70 ऐसी संदिग्ध घटनाएं कैद हुईं, जहां दान के पैसे गिनने वाले कर्मचारी नोटों की गड्डियां छिपाते नजर आए. रिपोर्ट के मुताबिक, पैसे गिनने वाले कमरे में आने-जाने वालों की कोई तलाशी (फ्रिस्किंग) नहीं ली जाती थी. कर्मचारियों के निजी सामान पर भी कोई नियंत्रण नहीं था. रिपोर्ट में बताया गया, कई दान पेटियों के कैश को एक साथ मिलाकर गिना जाता था, जिससे हेरफेर करना आसान हो गया.
78.94 लाख रुपये बरामद किए गए
रिपोर्ट में बताया गया है कि जांच शुरू होने से पहले ही कुछ कर्मचारियों से 78.94 लाख रुपये बरामद किए जा चुके थे. इसके अलावा, 4 जून 2026 को पैसे गिनने वाले कमरे से जुड़े बाथरूम से 2.25 लाख रुपये लावारिस हालत में मिले थे. रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि सोशल मीडिया पर चांदी की ईंटें या अन्य कीमती सामान गायब होने के जो दावे किए जा रहे थे, जांच में उनका कोई सबूत नहीं मिला है.
सुप्रीम कोर्ट हुआ सख्त, जांच पर मांगा जवाब
सोमवार 13 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने इस घोटाले की स्वतंत्र और अदालत की निगरानी में जांच कराने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई की. मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहन की बेंच ने केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और 'श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट' को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. कोर्ट ने यूपी सरकार की SIT को आदेश दिया है कि वह अपनी टीम के सदस्यों की जानकारी और अब तक की जांच की स्टेटस रिपोर्ट कोर्ट में पेश करे. इस मामले पर अगली सुनवाई अगले सोमवार 20 जुलाई को होगी.
अब तक 8 लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी
चढ़ावा चोरी मामले में अब तक 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. कोर्ट ने सभी 8 आरोपियों की न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) और 14 दिनों के लिए बढ़ा दी है. आरोपियों की अगली पेशी अब 27 जुलाई को होगी. घोटाले के गंभीर आरोपों के बाद राम मंदिर ट्रस्ट के कई बड़े अधिकारियों को इस्तीफा देना पड़ा है. ट्रस्ट ने तत्कालीन महासचिव चंपत राय, सदस्य अनिल मिश्रा और गोपाल राव के इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं.
ये भी पढ़ें: राम मंदिर में चढ़ावे का पूरा हिसाब अब होगा सार्वजनिक, घर बैठे वेबसाइट पर देख सकेंगे दान और खर्च का ब्यौरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए