अयोध्या राम मंदिर CEO पोस्ट के लिए होड़: 24 घंटे में 1000+ एप्लिकेशन, पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने भी किया अप्लाई
राम मंदिर का फाइल फोटो और गोल घेरे में पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर
Ram Mandir CEO Post: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए देश भर से आवेदन आए हैं. सोमवार 13 जुलाई को भर्ती अधिसूचना जारी होने के महज 24 घंटे के भीतर चयन समिति के आधिकारिक ईमेल पर 1,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं. इंडियन एक्स्प्रेस की खबर के अनुसार, आवेदन करने वालों में देश के बड़े-बड़े सेवानिवृत्त नौकरशाहों (IAS-IPS) की संख्या सबसे अधिक है.
Ram Mandir CEO Post: आवेदन करने की अंतिम तिथि 18 जुलाई तय की गई है. इतनी संख्या में आ रहे आवेदनों को देखते हुए चयन समिति ने एक सचिव नियुक्त करने का फैसला किया है, जो तय पात्रता मानदंडों के आधार पर आवेदनों की छंटनी और स्क्रूटनी करने में मदद करेगा. इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार चयन समिति की 19 जुलाई को बैठक होगी. जिसके बाद आवेदनों की स्क्रूटनी और इंटरव्यू का दौर शुरू होगा.
पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने भी पेश की दावेदारी
आवेदन करने वालों में उत्तर प्रदेश के पूर्व IPS अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता अमिताभ ठाकुर भी शामिल हैं. उन्होंने सार्वजनिक रूप से इसकी पुष्टि करते हुए कहा, "राम जन्मभूमि ट्रस्ट द्वारा सीईओ पद के लिए तय किए गए मानदंडों के तहत खुद को योग्य पाते हुए मैंने अपना आवेदन जमा कर दिया है." बता दें कि पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर पूर्व में विवादों में रहे हैं और पिछले साल उन्हें लखनऊ पुलिस ने 1999 के एक कथित प्लॉट धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार भी किया था.
ये हैं चयन के मानदंड
पद का नाम: मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सेवा अनुबंध की अवधि: 3 वर्ष (संतोषप्रद प्रदर्शन के आधार पर अनुबंध का नवीनीकरण संभव है) पदस्थापन का स्थान (Job Location): अयोध्या वेतन एवं सुविधाएं: परस्पर बातचीत (Negotiable) के आधार पर तय की जाएंगी.
योग्यता और पात्रता मानदंड
शैक्षणिक योग्यता: न्यूनतम स्नातक (Graduate) होना अनिवार्य है. आयु सीमा: आवेदक की आयु 50 वर्ष से 70 वर्ष के मध्य होनी चाहिए. भाषा ज्ञान: हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का अच्छा ज्ञान होना अनिवार्य है. धार्मिक विश्वास: आवेदक का सक्रिय हिंदू होना अनिवार्य है. साथ ही, श्रीरामभक्त वैष्णव होना वांछनीय (Desirable) है.
काम का अनुभव
प्रबंधकीय अनुभव: किसी विशाल सार्वजनिक संगठन, संस्था, सरकारी विभाग या कंपनी के प्रबंधकीय दायित्व में कार्य करने का न्यूनतम 20 वर्षों का अनुभव होना अनिवार्य है. कार्य क्षेत्र: यह अनुभव बहु-आयामी होना चाहिए, जैसे—सामान्य प्रशासन, वित्त (Finance), लेखा (Accounts), कार्मिक (HR), जनसंपर्क (PR), आईटी, सुरक्षा, विधि (Legal) इत्यादि का समन्वय और मार्गदर्शन. वरीयता (Preference): मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अथवा किसी बड़े मंदिर/हिंदू धार्मिक संस्था के प्रबंधन का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी.
आवेदन कैसे करें और अंतिम तिथि
आवेदन भेजने का माध्यम: अपना पूर्ण विवरण/बायोडाटा आधिकारिक ईमेल आईडी searchcommittee.srjbt@gmail.com पर भेजें. आवेदन की अंतिम तिथि व समय: 18 जुलाई, 2026, सायंकाल 4:00 बजे तक.
ये भी पढ़ें: राम मंदिर ट्रस्ट पर भड़के शंकराचार्य, CEO की नियुक्ति प्रक्रिया पर उठाए सवाल, बयान के बाद तेज हुई बहस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए