नोएडा में पत्नी को खुश करने के चक्कर में युवक ने कर डाला ऐसा कांड, सुनकर चौंक जाएंगे, सच सामने आया तो पुलिस भी रह गई हैरान
कार पर लगी थी फर्जी नंबर प्लेट
UP News: नोएडा में एक युवक ने अपनी पत्नी को मनाने के लिए ऐसा रास्ता चुना, जिसने सबको हैरान कर दिया. उसने कथित तौर पर एक कार चोरी की और उसे लेकर पत्नी के पास पहुंच गया. पुलिस ने कैसे पकड़ा, जानिए.
UP News: नोएडा में एक युवक ने पत्नी को मनाने के लिए ऐसा कदम उठाया, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया. सेक्टर-18 की पार्किंग से युवक ने कथित तौर पर एक कार चोरी कर ली और उसे लेकर एटा स्थित अपनी पत्नी के पास पहुंच गया. वहां उसने पत्नी से कहा कि वह कार खरीदकर लाया है. हालांकि, चोरी की शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी को पकड़ लिया.
ड्राइवर की नौकरी करता है आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान 22 वर्षीय अरुण पुत्र अखिलेश के रूप में हुई है. वह एटा के बागवाला थाना क्षेत्र के सोनसा गांव का रहने वाला है और फिलहाल नोएडा के सेक्टर-63 स्थित छिजारसी में किराये के मकान में रह रहा था. अरुण नोएडा में ड्राइवर का काम करता है. पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि पत्नी से उसका विवाद चल रहा था और वह उसे खुश करने के लिए कार लेकर उसके पास जाना चाहता था.
चोरी की कार लेकर पहुंच गया एटा
आरोपी ने कथित तौर पर सेक्टर-18 की पार्किंग से हुंडई एक्सटर चोरी की और उसे लेकर एटा चला गया. पत्नी के सामने उसने कार को अपनी खरीदारी बताते हुए पेश किया. कुछ समय बाद जब उसे पता चला कि कार चोरी होने की शिकायत पुलिस में दर्ज हो चुकी है, तो वह एटा से निकलकर कन्नौज में अपनी बहन के घर चला गया. इस दौरान उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया.
सर्विलांस ने खोला पूरा राज
सेक्टर-20 थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस का सहारा लिया. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में सुराग मिला. इसके बाद 13 सितंबर को अट्टापीर से डीएलएफ मॉल की तरफ जाने वाले रास्ते के पास खाली प्लॉट के नजदीक से अरुण को गिरफ्तार कर लिया गया.
कार पर लगी थी फर्जी नंबर प्लेट
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की हुंडई एक्सटर बरामद कर ली. कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जबकि उसकी असली नंबर प्लेट डिग्गी में रखी मिली. पुलिस के मुताबिक कार का वास्तविक नंबर UP14GB1456 था, जबकि उस पर UP16C0007TC/02 फर्जी नंबर प्लेट लगी थी. पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
यह भी देखें: 2,799 रुपये की EMI नहीं चुकाई तो हुआ ‘खौफनाक वसूली कांड’, लखनऊ में युवक के साथ जो हुआ, सुनकर दहल जाएंगे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए