रविवार को पंचायत, मंगलवार को कत्ल! मुजफ्फरनगर में प्रेम-प्रसंग की रंजिश में जेल में बंद आकाश के पिता की हत्या

Updated:
विज्ञापन

प्रेम-प्रसंग की रंजिश में जेल में बंद आकाश के पिता की हत्या

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

UP Crime News: मुजफ्फरनगर के किनौनी गांव में प्रेम-प्रसंग के चलते हुए विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया. एक पंचायत के बाद, जेल में बंद युवक के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे गांव में तनाव का माहौल है.

विज्ञापन

UP Crime News: मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के किनौनी गांव में प्रेम संबंध को लेकर शुरू हुआ विवाद अब हत्या तक पहुंच गया. गांव के रहने वाले आकाश बालियान और एक युवती के बीच प्रेम संबंध की बात सामने आने के बाद दोनों 17 अगस्त को घर से चले गए थे. पुलिस ने बाद में दोनों को बरामद किया. युवती को नारी निकेतन भेज दिया गया, जबकि आकाश को अपहरण के मामले में जेल भेजा गया था. इसके बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था.

विज्ञापन

सुलह के लिए हुई पंचायत, नरेश टिकैत भी पहुंचे थे

मामला शांत कराने के लिए रविवार को गांव में पंचायत बुलाई गई थी, जिसमें भाकियू अध्यक्ष और बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत भी शामिल हुए. पंचायत में दोनों पक्षों के लोगों से युवाओं को समझाने की बात कही गई. तय हुआ कि दोनों परिवारों के पांच-पांच लोग आकाश और युवती से बातचीत करेंगे. सहमति नहीं बनने की स्थिति में दोनों को अपनी जिंदगी के बारे में फैसला लेने देने की बात भी सामने आई. पंचायत के बाद भी दोनों पक्षों के बीच तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ.

पंचायत के बाद धमकी का आरोप, फिर पिता की हत्या

मृतक के बेटे सागर ने आरोप लगाया कि पंचायत के दौरान युवती के भाई शुभम उर्फ हरिओम और उसके पक्ष के लोगों ने परिवार को धमकी दी थी. इसके दो दिन बाद मंगलवार सुबह आकाश के पिता सुभाष बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई. सुभाष साइकिल से फैक्टरी में काम करने जा रहे थे. पीनना बाईपास के पास तीन बाइकों पर पहुंचे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया. आरोप है कि हमलावरों ने उनके हाथ पकड़े और तमंचे से गोली मार दी.

बेटे पर भी फायरिंग का आरोप

वारदात की जानकारी मिलने पर सुभाष का बेटा सागर अपने साथी उज्ज्वल के साथ मौके पर पहुंचा. सागर का आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी फायरिंग की. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मौके पर पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई.

युवती के परिजनों पर नामजद मुकदमा

मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर युवती के भाई शुभम उर्फ हरिओम, ताऊ उदल, तहेरे भाई विमल उर्फ कुक्की और बंटी तथा रिश्तेदार शुभम उर्फ छोटन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा दिखाई दे रहा है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं. पुलिस सभी आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है.

गांव में तनाव के चलते पुलिस तैनात

हत्या के बाद किनौनी गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है. सुभाष के परिवार ने सुरक्षा की मांग की है. बेटे सागर ने बताया कि उसके भाई आकाश के जेल में होने के कारण परिवार पहले ही मुश्किल दौर से गुजर रहा था. उसने पिता के अंतिम संस्कार के लिए आकाश को पैरोल पर लाने की मांग भी की थी. पुलिस अब हत्या की वजह, पंचायत के बाद हुए घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.

यह भी देखें: सपा नेता पवन यादव हत्याकांड में हुआ खुलासा, हिस्ट्रीशीटर लल्ला समेत 3 हिरासत में, तमंचा-बाइक बरामद, हत्या के पीछे ये था राज

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola