'कुर्ता धोती' पहनकर चार्ज लेने पहुंचे मेरठ के नए SSP, जानिए कौन हैं 2015 बैच के IPS अधिकारी, जिन्होंने ली थप्पड़बाज अफसर की जगह

Updated:
विज्ञापन

मेरठ के नए SSP बीबीजीटीएस मूर्ति का स्वागत करते हुए

UP News: मेरठ में नया पुलिस कप्तान आ गया है. 2015 बैच के IPS अधिकारी बीबीजीटीएस मूर्ति ने धोती-कुर्ता पहनकर अनोखे अंदाज में चार्ज संभाला. उन्होंने महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को पहली प्राथमिकता बताया है.

विज्ञापन

UP News: मेरठ को नया पुलिस कप्तान मिल गया है. 2015 बैच के IPS अधिकारी बीबीजीटीएस मूर्ति ने शुक्रवार को शहर की कमान संभाल ली. खास बात यह रही कि वह अपने पारंपरिक अंदाज में धोती-कुर्ता पहनकर सर्किट हाउस पहुंचे और कार्यभार ग्रहण किया. झांसी के SSP रहे मूर्ति को शासन ने अविनाश पांडेय की जगह मेरठ की जिम्मेदारी सौंपी है. चार्ज संभालते ही उन्होंने महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध, ट्रैफिक और जनसुनवाई को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया. SSP मूर्ति ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. महिला सुरक्षा, पीड़ितों को न्याय, साइबर अपराध पर रोक और थानों में जनसुनवाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. अपराध के मामले में किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा.

विज्ञापन

कौन हैं बीबीजीटीएस मूर्ति?

तिरुपति में जन्मे बीबीजीटीएस मूर्ति ने कम्प्यूटर साइंस में बीटेक और मार्केटिंग में MBA किया है. वह कासगंज और कानपुर देहात के SP समेत लखनऊ इंटेलिजेंस में भी तैनात रह चुके हैं. कासगंज में SP रहते हुए उन्होंने माफिया की 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त कराई थी. उन्हें 2022, 2023 और 2025 में DG कमेंडेशन डिस्क से सम्मानित किया गया.

अविनाश पांडेय को क्यों हटाया गया?

अविनाश पांडेय को मेरठ SSP पद से हटाकर लखनऊ मुख्यालय से अटैच किया गया है. उनका कार्यकाल करीब छह महीने का रहा. दलित युवती ललिता की हत्या के बाद हुए प्रदर्शन में पुलिस कार्रवाई को लेकर वह विवादों में आए थे. इसके बाद दलित संगठनों ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज कर दी थी. गुरुवार को भी उनके खिलाफ धरना शुरू किया गया था.

प्रदर्शनकारियों को थप्पड़ मारते VIDEO हुआ था वायरल

अविनाश पांडेय करीब छह महीने तक मेरठ के SSP रहे. 16 मई को दलित युवती ललिता की हत्या के विरोध में प्रदर्शनकारी डीएम को ज्ञापन देने कलेक्ट्रेट पहुंचे थे. इसी दौरान SSP अविनाश पांडेय भी मौके पर पहुंचे. इस दौरान उनका प्रदर्शनकारियों को थप्पड़ मारते और पुलिस वैन में लोगों की पिटाई करते VIDEO वायरल हुआ था. इसके बाद दलित संगठनों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया और लगातार कार्रवाई की मांग की.

धरने के बाद बढ़ा दबाव

गुरुवार को युवा शक्तिदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि गौतम ने अविनाश पांडेय समेत चार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था. मेरठ से पहले भी अविनाश पांडेय विवादों में रहे हैं. पीलीभीत में तैनाती के दौरान गेस्ट हाउस में उनके साथ मारपीट हुई थी, जबकि मऊ में पोस्टिंग के दौरान ट्रेन में एक अटेंडेंट के साथ मारपीट का मामला भी सामने आया था. अब उन्हें मेरठ SSP पद से हटाकर लखनऊ मुख्यालय से अटैच किया गया है.

यह भी पढ़ें: थप्पड़ कांड के बाद SSP अविनाश पांडेय पर गिरी गाज, मेरठ से हटाकर योगी सरकार ने दिया बड़ा सियासी संदेश


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola