मेरठ की रितिका ने अपनी कहानी से जीत लिया सबका दिल , राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया सम्मानित

राज्यपाल के द्वारा रितिका को मिला सम्मान
UP News: मेरठ की रितिका ने अपनी जीवन की कहानी सुनाकर सबको भावुक कर दिया. पांचवी कक्षा की छात्रा ने अपनी मां के संघर्षों को शब्दों में पिरोकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का दिल जीत लिया, जिन्होंने उसे सम्मानित किया. रितिका का सपना IPS बनकर देश सेवा करना है.
UP News: उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ऐसा भावुक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया. मंच पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मौजूद थीं. विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र भी कार्यक्रम में शामिल थे. इसी बीच प्राथमिक विद्यालय की पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा रितिका ने मंच संभाला और अपने जीवन के संघर्षों की कहानी इतनी सहजता और आत्मविश्वास के साथ सुनाई कि पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा. उसकी प्रस्तुति से प्रभावित होकर राज्यपाल ने उसे सम्मानित किया.
अपनी जिंदगी को ही बना दिया कहानी का विषय
रितिका ने बताया कि वह रोहटा क्षेत्र के बड़ौदा प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच की छात्रा है. उसने बताया कि उसके पिता का निधन हो चुका है. परिवार की पूरी जिम्मेदारी अब उसकी मां के कंधों पर है. घर में दो बहनें और एक भाई हैं. मां मजदूरी करके पूरे परिवार का पालन-पोषण करती हैं और बच्चों की पढ़ाई भी जारी रखे हुए हैं. रितिका ने बताया कि जब स्कूल में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से कहानी लेखन एवं वाचन प्रतियोगिता की जानकारी मिली, तो उसने भी भाग लेने का फैसला किया. विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पूजा भटनागर के मार्गदर्शन में उसने अपनी ही जिंदगी और अपनी मां के संघर्ष को कहानी का रूप दिया. यही कहानी प्रतियोगिता में सभी को इतनी पसंद आई कि उसे प्रथम स्थान मिला.
पिता की याद में भर आईं आंखें
रितिका ने बताया कि अगर उसके पिता आज जीवित होते तो वह सबसे पहले उन्हें अपनी इस उपलब्धि के बारे में बताती. उन्हें अपने पिता की बहुत याद आती है. हालांकि वह मानती है कि जिंदगी में आने वाली मुश्किलों से घबराने के बजाय उन्हें अपनी ताकत बनाना चाहिए. यही सोच उसे आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है.
राज्यपाल के सामने बिना डरे सुनाई पूरी कहानी
कार्यक्रम के दौरान जब राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रितिका से मंच पर अपनी कहानी सुनाने के लिए कहा, तो वहां मौजूद लोग यह सोचकर उत्सुक हो गए कि इतनी छोटी बच्ची इतने बड़े मंच पर कैसे बोलेगी. लेकिन रितिका ने पूरे आत्मविश्वास के साथ करीब दस मिनट तक अपनी कहानी सुनाई. उसकी आवाज में न घबराहट थी और न ही चेहरे पर किसी तरह का डर. उसकी प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया और सभागार तालियों से गूंज उठा.
आईपीएस बनकर करना चाहती है देश की सेवा
रितिका ने बताया कि उसका सपना बड़ा होकर आईपीएस अधिकारी बनने का है. वह पूरी लगन से पढ़ाई कर रही है और चाहती है कि भविष्य में वर्दी पहनकर समाज और देश की सेवा करे. उसका मानना है कि मेहनत और हौसले के दम पर हर सपना पूरा किया जा सकता है.
राज्यपाल ने की जमकर सराहना
रितिका की कहानी और उसके आत्मविश्वास से उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी बेहद प्रभावित हुईं. उन्होंने छात्रा की सराहना करते हुए उसे सम्मानित किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. वहीं, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पूजा भटनागर ने बताया कि रितिका शुरू से ही बेहद होनहार छात्रा रही है. पढ़ाई के प्रति उसकी लगन और सीखने की इच्छा उसे बाकी बच्चों से अलग बनाती है. उन्हें पूरा विश्वास है कि रितिका भविष्य में अपने सपनों को जरूर पूरा करेगी और एक जिम्मेदार अधिकारी बनकर समाज की सेवा करेगी.
Also Read: मर्दो को छेड़ रही थी 2 महिलाएं, वाराणसी में एंटी रोमियो स्क्वाड ने किया गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











