हाथ में कुल्हाड़ी लेकर DM ऑफिस पहुंचा फरियादी, सन्नी देओल के डायलॉग से अधिकारियों को दी चेतावनी, VIDEO वायरल

युवक ने डीएम कार्यालय के सामने कुल्हाड़ी लहराई
UP News: लखीमपुर खीरी में एक शख्स हाथ में कुल्हाड़ी लेकर DM ऑफिस पहुंचा, जहाँ उसने भ्रष्टाचार के खिलाफ 'घायल' फिल्म के डायलॉग के ज़रिये अधिकारियों को चेतावनी दी. वायरल वीडियो के बाद जमीनी विवाद का मामला भी सामने आया है.
UP News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में कलेक्ट्रेट परिसर उस समय चर्चा का केंद्र बन गया, जब एक युवक हाथ में कुल्हाड़ी और दूसरे हाथ में प्रार्थना पत्र लेकर जिलाधिकारी कार्यालय के सामने पहुंच गया. वहां उसने भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और फिल्म 'घायल' का चर्चित डायलॉग बोलते हुए अधिकारियों को चेतावनी देने लगा. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उसका वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद इस पूरे मामले का दूसरा पक्ष भी सामने आया, जिसमें उसके पड़ोसियों ने उस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं.
डीएम ऑफिस के बाहर कुल्हाड़ी लेकर किया प्रदर्शन
जानकारी के मुताबिक, सिंगाही थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव निवासी राम सिंह एक हाथ में कुल्हाड़ी और दूसरे हाथ में थैला लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे. थैले में उनका प्रार्थना पत्र भी मौजूद था. डीएम कार्यालय के बाहर पहुंचकर उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े किए. वहां मौजूद लोगों की नजर जैसे ही उन पर पड़ी, कई लोगों ने मोबाइल निकालकर वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया.
'घायल' फिल्म का डायलॉग बोलकर दी चेतावनी
वायरल वीडियो में राम सिंह खुद को पृथ्वीराज चौहान का वंशज बताते हुए नजर आते हैं. उन्होंने कहा कि वह एक मजदूर हैं और पंचर जोड़ने का काम करते हैं. इसी दौरान उन्होंने फिल्म 'घायल' का मशहूर डायलॉग "ये मजदूर का हाथ है कातिया..." बोलते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अब किसी न किसी को भगत सिंह बनना ही पड़ेगा. उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया.
जमीनी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला
वीडियो वायरल होने के बाद मामले का दूसरा पक्ष भी सामने आया. जानकारी के अनुसार, राम सिंह का अपने पड़ोसियों से काफी समय से जमीनी विवाद चल रहा है. इसी बीच सिंगाही पुलिस ने भी पड़ोसियों का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें उन्होंने राम सिंह पर कई आरोप लगाए.
पड़ोसियों ने लगाए गंभीर आरोप
राम सिंह के पड़ोसी पैकरमा का आरोप है कि उन्होंने सड़क पर गड्ढा खोद रखा है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है. विरोध करने पर वह गाली-गलौज करते हैं और दुकान पर आने वाले ग्राहकों के साथ भी अभद्र व्यवहार करते हैं.
महिला पड़ोसी ने भी सुनाई आपबीती
पड़ोसी महिला सुंदरी ने भी राम सिंह पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया. उनका कहना है कि उन्होंने दुकान के सामने गड्ढा खोद दिया है और नाली का पानी भी नहीं निकलने देते. इतना ही नहीं, वह अक्सर गंदी भाषा का इस्तेमाल करते हैं, जिससे परिवार और दुकान पर आने वाले ग्राहक परेशान रहते हैं.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
फिलहाल, कुल्हाड़ी लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. एक तरफ राम सिंह खुद को भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने वाला बता रहे हैं, तो दूसरी ओर पड़ोसी उनके व्यवहार और जमीनी विवाद को लेकर गंभीर आरोप लगा रहे हैं. अब जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
Also Read: UP का 6 पांव वाला रहस्यमयी तख्त, जिसे कहते हैं मौत का सिंहासन, आज तक कोई बैठने की नहीं करता हिम्मत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










