सर्वेयरों को पहनाया पेटीकोट और ब्लाउज , फसल सर्वे के नाम पर मांग रहे थे रिश्वत जूतों की माला से किया स्वागत
किसानों का अनोखा विरोध प्रदर्शन
UP News: यूपी के चरखारी तहसील में फसल नुकसान का सर्वे करने आए दो सर्वेयरों पर किसानों से रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है. विरोध में ग्रामीणों ने उन्हें महिलाओं के कपड़े पहनाए और जूतों की माला डालकर गांव में जुलूस निकाला.
UP News: महोबा के चरखारी तहसील क्षेत्र के नटर्रा गांव में फसल नुकसान के सर्वे को लेकर ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया. किसानों ने दो सर्वेयरों पर फसल का ज्यादा नुकसान दिखाकर अधिक बीमा राशि दिलाने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप लगाया. विरोध में ग्रामीणों ने दोनों सर्वेयरों को पकड़ लिया और महिलाओं ने उन्हें चूड़ी, पेटीकोट और ब्लाउज पहनाकर जूतों की माला डाल दी. इसके बाद दोनों का पूरे गांव में जुलूस निकाला गया. ग्रामीणों ने बाद में दोनों सर्वेयरों को पुलिस के हवाले कर दिया. हालांकि, किसानों की ओर से लगाए गए वसूली के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. इसकी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी.
200 से ज्यादा किसानों से करीब 2 लाख रुपये लेने का दावा
ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों सर्वेयर करीब एक सप्ताह से गांव में फसल नुकसान का सर्वे कर रहे थे. इसी दौरान किसानों से ज्यादा नुकसान दर्ज करने और अधिक बीमा राशि दिलाने के नाम पर कथित तौर पर एक हजार से पांच हजार रुपये तक मांगे जा रहे थे. किसानों का यह भी आरोप है कि जो लोग पैसे देने से मना करते थे, उन्हें बीमा का लाभ नहीं मिलने की बात कही जाती थी. ग्रामीणों के मुताबिक, 200 से ज्यादा किसानों से करीब 2 लाख रुपये लिए गए. आरोप है कि रकम कुछ लोगों से नकद तो कुछ से ऑनलाइन माध्यम से ली गई.
बारिश से फसल बर्बाद, मुआवजे के इंतजार में थे किसान
नटर्रा गांव के किसानों के मुताबिक, पिछले करीब 20 दिनों से हुई भारी बारिश ने उनकी फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है. उड़द, तिली और मूंगफली की करीब 90 फीसदी फसल बर्बाद होने का दावा किया जा रहा है. किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत नुकसान का सही सर्वे और मुआवजे का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान बीमा कंपनी इफको टोक्यो से जुड़ी निजी एजेंसी ग्लोबल अर्क के दो सर्वेयर गांव पहुंचे. दोनों सर्वेयर मध्य प्रदेश के छतरपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
ग्रामीणों ने पकड़कर की पूछताछ, फिर महिलाओं ने निकाला जुलूस
मामले की जानकारी मिलने के बाद ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रविंद्र राजपूत और अन्य ग्रामीणों ने दोनों सर्वेयरों को पकड़ लिया. ग्रामीणों ने उनसे पूछताछ की. ग्रामीणों का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने किसानों से पैसे लेने की बात स्वीकार की. इसके बाद दोनों को महिलाओं के कपड़े पहनाए गए. महिलाओं ने उन्हें चूड़ी, पेटीकोट और ब्लाउज पहनाया, लाली-बिंदी लगाई और गले में जूतों की माला डाल दी. इसके बाद दोनों का गांव में जुलूस निकाला गया. ग्रामीणों का कहना था कि किसान पहले ही बारिश और फसल खराब होने से परेशान हैं. ऐसे में फसल नुकसान के सर्वे के नाम पर किसानों से पैसे लेने का आरोप बेहद गंभीर है. इसी के विरोध में उन्होंने इस तरह प्रदर्शन किया.
विधायक को दी जानकारी, वीडियो कॉल पर सर्वेयरों को फटकार
मामले की जानकारी चरखारी से बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत को भी दी गई. इसके बाद विधायक के प्रतिनिधि सूरज पांडे समर्थकों के साथ गांव पहुंचे. बताया गया कि विधायक ने वीडियो कॉल के जरिए सर्वेयरों को फटकार लगाई. ग्रामीणों के मुताबिक, विधायक के वीडियो कॉल पर कहने के बाद ही सर्वेयरों का जुलूस निकाला गया. इस दौरान विधायक का भी दबंग अंदाज देखने को मिला. इससे पहले भी जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह का काफिला रोकने को लेकर बृजभूषण राजपूत चर्चा में रह चुके हैं.
पुलिस के हवाले किए गए दोनों सर्वेयर
पूरे विवाद के बाद ग्रामीणों ने दोनों सर्वेयरों को पुलिस को सौंप दिया. अब मामले में लगाए गए वसूली के आरोपों की जांच की जानी है. आरोप सही हैं या नहीं और किसानों से वास्तव में कितनी रकम ली गई, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए