कमलेश तिवारी हत्याकांड : मां ने कहा- पुलिस के दबाव में मजबूरन सीएम योगी से मिलना पड़ा

Updated at : 20 Oct 2019 6:47 PM (IST)
विज्ञापन
कमलेश तिवारी हत्याकांड : मां ने कहा- पुलिस के दबाव में मजबूरन सीएम योगी से मिलना पड़ा

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने हाल में लखनऊ में मारे गये हिंदू समाज पार्टी के नेता कमलेश तिवारी के परिजन से रविवार को मुलाकात की. तिवारी की मां ने इस मुलाकात पर असंतोष जताया है. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्‍यमंत्री ने अपने आवास पर तिवारी की मां कुसुमा, पत्‍नी किरण […]

विज्ञापन

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने हाल में लखनऊ में मारे गये हिंदू समाज पार्टी के नेता कमलेश तिवारी के परिजन से रविवार को मुलाकात की. तिवारी की मां ने इस मुलाकात पर असंतोष जताया है.

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्‍यमंत्री ने अपने आवास पर तिवारी की मां कुसुमा, पत्‍नी किरण और परिवार के कुछ अन्य सदस्यों से मुलाकात की. इस दौरान उन्‍होंने पीड़ित परिवार को पूरी मदद का आश्‍वासन देते हुए कहा कि सरकार इस गंभीर मामले की गहराई से जांच कर रही है और इसके दोषी लोगों को कतई बख्‍शा नहीं जायेगा.

हालांकि, तिवारी की मां कुसुमा ने इस मुलाकात पर असंतोष जताते हुए कहा कि पुलिस के दबाव की वजह से उन्हें मजबूरन मुख्यमंत्री से मिलने जाना पड़ा. उन्होंने यह भी कहा कि बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के हावभाव उनकी उम्मीद के मुताबिक नहीं थे.

संवाददाताओं के इस सवाल पर कि क्या वह मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात से संतुष्ट हैं, कुसुमा ने कहा ‘संतुष्ट क्या होंगे? हमने (मुख्यमंत्री से) पूछा कि क्यों (कमलेश की) सुरक्षा हटायी गयी, क्यों उसका बेरहमी से कत्ल हुआ. हिंदू धर्म में (घर में किसी की मृत्यु हो जाने पर) 13 दिन कहीं बाहर नहीं निकला जाता है, मगर उनका (मुख्यमंत्री) का आदेश था, इसलिए पुलिसवाले मेरे पीछे पड़े थे, तो हमें मजबूरी में मिलने जाना पड़ा.’ उन्होंने कहा, हमारी इच्छा के मुताबिक न तो उनका (मुख्यमंत्री) हाव था न भाव. अगर संतुष्ट होते तो हमारा क्रोध क्यों उबलता? हम स्वयं तलवार उठायेंगे, अगर हमें इंसाफ नहीं मिला.

कुसुमा ने भाजपा के एक स्थानीय नेता शिव कुमार गुप्ता पर जमीन के विवाद को लेकर अपने बेटे की हत्या का इल्जाम लगाया है, मगर अभी उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है. दूसरी ओर, मुख्‍यमंत्री से मुलाकात के बाद तिवारी की पत्‍नी किरण ने बताया कि योगी ने हरसंभव कार्रवाई का आश्‍वासन दिया है. हम उनसे हुई मुलाकात से संतुष्‍ट हैं.

इस बीच, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को मारे गये हिंदू समाज पार्टी के नेता कमलेश तिवारी के परिजन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुलाकात पर कहा कि उम्मीद है कि योगी ऐसी ही हमदर्दी हाल में अन्य जिलों में मारे गये लोगों के परिवारजन के प्रति भी दिखायेंगे.

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने ट्वीट किया प्रदेश की राजधानी में सरेआम हुई बेखौफ हत्या के शिकार मृतक के शोक संतप्त परिवार से मिलना यथोचित कदम है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, आशा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ऐसी ही सहृदयता इलाहाबाद, कन्नौज, झांसी और मेरठ में भी प्रकट करने जायेंगे, जहां प्रदेश की बदहाल कानून व्यवस्था के शिकार अन्य लोगों के परिजन रहते हैं. इस बीच, हत्‍याकांड की तफ्तीश में पता चला है कि संदिग्‍ध हत्‍यारोपी नाका हिंडोला क्षेत्र के ही एक होटल में ठहरे थे.

पुलिस महानिदेशक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि होटल के कर्मियों के मुताबिक दोनों ने अपना नाम शेख अशफाकुल हुसैन और मुईनुद्दीन पठान बताया था. हत्‍याकांड वाले दिन वे दोनों भगवा कुर्ते पहनकर होटल से निकले थे और उनके हाथ में एक मिठाई का डिब्‍बा था. उन्‍होंने बताया कि वे लोग 17 अक्तूबर को होटल आये थे और 18 की दोपहर वे चले गये थे. उनके कमरे के बेड पर भगवा रंग का कुर्ता पड़ा था, उस पर खून के निशान हैं. मौके पर मिले तौलिये में भी खून लगा है. एक नये मोबाइल का डिब्‍बा भी मौके से मिला है. विवेचना के क्रम में यह एक बड़ी उपलब्धि है. पुलिस जल्‍द ही हत्‍यारों तक पहुंच जायेगी.

गौरतलब है कि हिंदू समाज पार्टी के अध्यक्ष कमलेश तिवारी की शुक्रवार को नाका हिंडोला स्थित खुर्शेदबाग इलाके में उनके घर के अंदर गला रेतकर और गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. इस हत्याकांड के सिलसिले में बिजनौर निवासी आरोपियों मुफ्ती नईम काजमी और मौलाना अनवारुल हक के साथ गुजरात में सूरत के रहने वाले फैजान यूनुस, मोहसिन शेख और राशिद अहमद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी है. मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola