लखनऊ के VIP इलाके में धंसी सड़क, पूर्व डिप्टी CM दिनेश शर्मा के आवास पास बना 10 फीट गहरा गड्ढा, बाइक समेत गिरे दो भाई
पूर्व डिप्टी CM दिनेश शर्मा के आवास पास बना 10 फीट गहरा गड्ढा
Lucknow Road Collapse: लखनऊ के VIP इलाके में बारिश के कारण सड़क धंसने से हड़कंप मच गया. आईटी क्रॉसिंग के पास बने 10 फीट गहरे गड्ढे में बाइक सवार दो भाई गिर गए, जिससे एक गंभीर रूप से घायल हो गया. यह घटना पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के आवास के पास हुई.
Lucknow Road Collapse: लखनऊ में लगातार हो रही बारिश आफत का सबब बनने लगी है. आईटी क्रॉसिंग के पास मुख्य मार्ग पर बारिश के कारण अचानक सड़क धंस गई, जिससे 10 फीट से भी ज्यादा गहरा गड्ढा हो गया. इसी गड्ढे में बाइक सवार दो भाई जा गिरे, जिसमें से एक गंभीर रूप से घायल हो गया. हैरान करने वाली बात यह है कि यह हादसा ठीक उस जगह हुआ, जिसके बगल में यूपी के पूर्व डिप्टी सीएम और सांसद दिनेश शर्मा का आवास है. हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने मशक्कत के बाद दोनों भाइयों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया.
गड्ढे में गिरने वाला नितिन बोला- बारिश में दिखाई नहीं दिया रास्ता
गड्ढे में गिरने वाले युवकों में एक की पहचान नितिन प्रजापति के रूप में हुई है. नितिन ने बताया कि बीती रात वह अपने भाई के साथ बाइक से घर लौट रहा था. बारिश के कारण सड़क पर बना गड्ढा दिखाई नहीं दिया और दोनों बाइक समेत उसमें गिर गए. गिरने के बाद उसका भाई बेहोश हो गया. नितिन के मुताबिक, किसी व्यक्ति ने उसे गड्ढे से बाहर निकाला. घटना के करीब 10-15 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची.
सांसद दिनेश शर्मा के आवास के ठीक बगल में धंसी सड़क
यह स्थान लखनऊ यूनिवर्सिटी के ठीक बगल में और कृषि निदेशक के दफ्तर वाली सड़क के दूसरी तरफ है. बारिश के दौरान इतने व्यस्त और महत्वपूर्ण इलाके में 10 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा बनने से सड़क की स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल नगर निगम ने गड्ढे को पाट दिया है. मंगलवार की बारिश के बाद हुई इस घटना ने शहर के वीआईपी और व्यस्त इलाकों में सड़क व्यवस्था की स्थिति को भी सामने ला दिया.
कानपुर में भी बारिश के बाद धंसी थी सड़क
इससे पहले कानपुर के जाजमऊ स्थित सरैया चौराहे पर भी सड़क अचानक धंस गई थी. यहां करीब 18 फीट गहरा और 3 मीटर चौड़ा गड्ढा बन गया था. वीआईपी मार्ग पर सड़क धंसने के बाद कानपुर पुलिस ने एहतियातन एक लेन पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी थी. स्थानीय लोगों का आरोप था कि करीब एक महीने पहले बने छोटे गड्ढे को बिना तकनीकी जांच के भर दिया गया था. लगातार बारिश के कारण जमीन धंसने से स्थिति गंभीर हो गई थी. यह मार्ग जाजमऊ को सर्किट हाउस से जोड़ता है और कानपुर के प्रमुख वीआईपी मार्गों में शामिल है, जिससे सड़क धंसने के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए