पेट्रोल की जगह टंकी में पानी: कानपुर के पेट्रोल पंप पर मचा बवाल, 25 वाहनों के पैसे लौटाए, प्रशासन ने ठोका ताला

Updated:
विज्ञापन

20 हजार लीटर पेट्रोल निकलवाकर कराया नष्ट

Kanpur News: कानपुर के कल्याणपुर में एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल की जगह पानी निकलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. वाहनों के बंद होने के बाद हुई जांच में पंप सील कर दिया गया और 25 वाहन मालिकों को उनके पैसे वापस कर दिए गए.

विज्ञापन

Kanpur News: पेट्रोल पंप पर गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के बाद अगर रास्ते में वाहन अचानक बंद हो जाए तो परेशानी होना तय है. कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में ऐसा ही मामला सामने आया, जहां मकड़ीखेड़ा स्थित शिवाय फिलिंग स्टेशन से पेट्रोल भरवाने के बाद कई वाहन बंद हो गए. वाहन स्वामियों ने पेट्रोल की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पंप पर हंगामा किया. शिकायत मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान नोजल से पेट्रोल की जगह पानी जैसा तरल पदार्थ निकलता मिला.

विज्ञापन

20 हजार लीटर पेट्रोल निकलवाकर कराया नष्ट, पंप सील

मामले की जानकारी मिलने पर जिलापूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह पेट्रोल पंप पर जांच के लिए पहुंचे. उन्होंने भी नोजल से पेट्रोल की जगह पानी निकलते देखा. इसके बाद टैंक में मौजूद करीब 20 हजार लीटर पेट्रोल को नष्ट करा दिया गया और रस्सी लगवाकर पूरे पंप को सील कर दिया गया. जिलापूर्ति अधिकारी के मुताबिक, प्राथमिक जांच में पेट्रोल के टैंक में पानी जाने की बात सामने आई है. डीजल को लेकर किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है. मामले की विस्तृत जांच के लिए बीपीसीएल को पत्र भेजा गया है और जांच पूरी होने तक पेट्रोल की बिक्री बंद रहेगी.

25 वाहनों के मालिकों को लौटाए गए पेट्रोल के पैसे

पेट्रोल की जगह पानी मिलने की शिकायत के बाद पंप पर पहुंचे वाहन स्वामियों ने पैसे वापस करने की मांग की. बताया गया कि करीब 25 वाहनों की टंकी खाली कराकर उनकी सफाई कराई गई और वाहन मालिकों को पैसे वापस किए गए. लोगों का आरोप है कि शुरुआत में पंप के मैनेजर ने गलती स्वीकार करने के बजाय उनसे अभद्रता की, जिसके बाद विवाद बढ़ गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने नोजल से तरल पदार्थ बोतल में निकालकर जांच की तो उसमें पानी जैसा पदार्थ दिखाई दिया. इस दौरान कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

पंप मालिक बोला- बारिश के पानी के टैंक में पहुंचने की जानकारी नहीं

शिवाय फिलिंग स्टेशन के मालिक गौरव त्रिपाठी का कहना है कि इलाके में लगातार बारिश हो रही थी और टैंक में पानी कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है. उनके मुताबिक, सोमवार रात टैंक में 20 हजार लीटर पेट्रोल लोड हुआ था. मंगलवार सुबह शिकायत मिलने पर पांच-पांच लीटर पेट्रोल निकालकर वीडियो बनाया गया और जांच की गई. इसके बाद बिक्री रोक दी गई और टैंक में मौजूद पूरा पेट्रोल नष्ट कराया गया. उन्होंने बताया कि जिन ग्राहकों ने पेट्रोल लिया था, उनकी गाड़ियां और टंकियां साफ कराकर पैसे वापस किए गए हैं. अब जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी.

Must Read- 'मैं आ लिया फिर से... नाश करूंगा थारा': 6 हत्याओं का दोषी श्रीराम जाटव जेल से रिहा, गले में माला पहन बजाया धमकी भरा गाना

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola