IAS की कुर्सी छोड़ी, अब राजनीति की राह? दिव्या मित्तल पर अजय राय के बयान से बढ़ा सस्पेंस

Updated:
विज्ञापन

दिव्या मित्तल पर अजय राय के बयान से बढ़ा सस्पेंस

UP Politics: यूपी कैडर की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. 13 साल की सेवा के बाद, उनके इस फैसले ने प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है. उनके भविष्य की योजनाओं पर अटकलें तेज हैं, खासकर कांग्रेस के रुख के बाद.

विज्ञापन

UP Politics: यूपी कैडर की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के इस्तीफे ने प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है. करीब 13 साल तक प्रशासनिक सेवा में रहने के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया. दिव्या मित्तल ने अपनी प्राथमिकताओं, रुचियों और परिवार को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है. हालांकि, उनके इस्तीफे के बाद अब सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि क्या उनकी अगली पारी राजनीति में शुरू हो सकती है.

विज्ञापन

कांग्रेस ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल

दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद अजय राय ने उत्तर प्रदेश के अधिकारियों की कार्यप्रणाली और उनके सम्मान का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पत्र लिखकर अधिकारियों को सम्मानजनक और स्वतंत्र माहौल में काम करने का अवसर देने की मांग की. अजय राय ने दिव्या मित्तल को एक ईमानदार अधिकारी बताते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा में लगातार इस्तीफे और वीआरएस के मामलों को गंभीरता से देखा जाना चाहिए.

अजय राय के बयान से बढ़ा राजनीतिक सस्पेंस

दिव्या मित्तल के संभावित राजनीतिक भविष्य को लेकर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के बयान ने चर्चाओं को और हवा दे दी है. चुनाव लड़ने की संभावना पर पूछे गए सवाल के जवाब में अजय राय ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति समाज के लिए काम करना चाहता है और चुनाव लड़ना चाहता है तो पार्टी निश्चित रूप से उस पर विचार करेगी. इस बयान को दिव्या मित्तल के लिए कांग्रेस के दरवाजे खुले रखने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.

लंदन की नौकरी से लेकर यूपी प्रशासन तक का सफर

दिव्या मित्तल ने अपने विदाई संदेश में प्रशासनिक सेवा की पूरी यात्रा को भावनात्मक अंदाज में याद किया. आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बेंगलुरु से शिक्षा हासिल करने के बाद उन्होंने लंदन में नौकरी की, लेकिन देश के लिए काम करने की इच्छा उन्हें भारत वापस ले आई. इसके बाद वह सिविल सेवा में शामिल हुईं और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जिम्मेदारियां संभालीं. देवरिया और मीरजापुर में अपने काम के दौरान आम लोगों से जुड़े अनुभवों को भी उन्होंने खास तौर पर याद किया.

अब सवाल- प्रशासन के बाद राजनीति में होगी नई पारी

विदाई संदेश में दिव्या मित्तल ने अपने साथ काम करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों का आभार जताया. उन्होंने एक ग्रामीण बुजुर्ग महिला के आशीर्वाद का भी उल्लेख किया, जो गांव में पहली बार पानी पहुंचने के बाद उन्हें मिला था. फिलहाल दिव्या मित्तल ने राजनीति में आने या चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. लेकिन उनके इस्तीफे और अजय राय के बयान के बाद यह सवाल जरूर तेज हो गया है कि क्या 13 साल की प्रशासनिक पारी के बाद अब दिव्या मित्तल राजनीति के मैदान में अपनी नई पारी शुरू करेंगी?

यह भी देखें: जाति नहीं, 2027 में यूपी की बाजी पलट सकता है ये ‘M’ फैक्टर, सीएम योगी से अखिलेश यादव तक क्यूँ हैं इस साइलेंट पावर पर मेहरबान

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola