Lucknow to Mumbai Train: लखनऊ से मुंबई जाने वालों को बड़ा झटका , ट्रेनों में वेटिंग 181 के पार, कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल, 3 जोड़ी नई ट्रेनें चलाने की मांग
रेलवे स्टेशन पर कन्फर्म टिकट के इंतजार में परेशान यात्री
Lucknow to Mumbai Train: लखनऊ से मुंबई ट्रेनों में सीटों की भारी किल्लत. कई ट्रेनों में वेटिंग 181 तक पहुंची. जानें कब मिलेगी यात्रियों को राहत और नई ट्रेनों की क्या है मांग.
Lucknow to Mumbai train: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से मुंबई जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. जहां इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों में सीटों की भारी किल्लत है. कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 100 के पार पहुंच चुकी है, जबकि कुशीनगर एक्सप्रेस के थर्ड एसी में वेटिंग 181 तक पहुंच गई है. हालात ऐसे हैं कि कुछ ट्रेनों में वेटिंग टिकटों की बुकिंग भी बंद हो गई है. कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से यात्रियों को सफर की योजना बनाने में मुश्किल हो रही है.
लखनऊ-मुंबई रूट पर रोजाना 20 से 25 हजार यात्री करते हैं सफर
लखनऊ और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग नौकरी और रोजगार के सिलसिले में मुंबई आते-जाते हैं. इस रूट पर पुष्पक एक्सप्रेस, उद्योगनगरी, एलटीटी एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस और कुशीनगर एक्सप्रेस समेत करीब एक दर्जन ट्रेनें संचालित होती हैं. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इन ट्रेनों से रोजाना करीब 20 से 25 हजार यात्री सफर करते हैं, जबकि उपलब्ध सीटों की संख्या लगभग आठ हजार है. यात्रियों की संख्या और सीटों के बीच बड़े अंतर के कारण कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है. ऐसे में कई यात्रियों को जनरल टिकट लेकर सफर करना पड़ता है.
तीन जोड़ी नई नियमित ट्रेनें चलाने की मांग
ट्रेनों में लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए दैनिक यात्री एसोसिएशन ने रेलवे से लखनऊ-मुंबई रूट पर तीन जोड़ी नई नियमित ट्रेनें चलाने की मांग की है. एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएस उप्पल का कहना है कि इस रूट पर नई ट्रेनों का संचालन होने से यात्रियों को राहत मिल सकती है. उनका मानना है कि मौजूदा ट्रेनों में यात्रियों की संख्या के मुकाबले सीटें काफी कम हैं.
नई ट्रेनें चलाने में रेलवे के सामने ये हैं चुनौतियां
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, किसी भी नए ट्रेन का संचालन शुरू करने के लिए पर्याप्त रैक उपलब्ध होना जरूरी है. इसके साथ ही ट्रेन के संचालन का शेड्यूल और दूसरे परिचालन संबंधी इंतजाम भी तय करने पड़ते हैं. दिल्ली-मुंबई रेलखंड देश के व्यस्ततम रेलमार्गों में शामिल है और इस पर पहले से ही बड़ी संख्या में ट्रेनें चल रही हैं. ऐसे में लखनऊ से मुंबई के लिए ट्रेनों की संख्या बढ़ाना रेलवे के लिए आसान नहीं है.
पुष्पक और एलटीटी एक्सप्रेस में भी लंबी वेटिंग
24 नवंबर की रिपोर्ट में दी गई बुकिंग स्थिति के मुताबिक, एलटीटी एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में 49 और थर्ड एसी में 43 यात्रियों की वेटिंग है. वहीं, पुष्पक एक्सप्रेस के स्लीपर में 80 और थर्ड एसी में 83 की प्रतीक्षा सूची चल रही है. एसटीपी-एलटीटी एक्सप्रेस के स्लीपर में वेटिंग 159 और थर्ड एसी में 118 तक पहुंच गई है. सबसे ज्यादा परेशानी कुशीनगर एक्सप्रेस में है. इसके स्लीपर कोच में टिकट बुकिंग रिग्रेट हो चुकी है, जबकि थर्ड एसी में वेटिंग 181 तक पहुंच गई है. इसके अलावा छपरा-एलटीटी, अवध एक्सप्रेस, गोरखपुर-एलटीटी और गोरखपुर-बांद्रा स्पेशल में भी सीटें फुल होने की जानकारी दी गई है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
