लखनऊ KGMU हॉस्टल मेस में अब नहीं मिलेगा नॉनवेज, खराब खाद्य सामग्री मिलने के बाद लिया फैसला

Updated:
विज्ञापन
किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी

किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी

UP News: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) प्रशासन ने अपने सभी 18 हॉस्टल मेस में नॉनवेज भोजन पकाने और परोसने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है. यह निर्णय साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.

विज्ञापन

UP News: उत्तर प्रदेश के सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थानों में शामिल किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) एक बड़े फैसले को लेकर चर्चा में है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने सभी 18 हॉस्टल मेस में नॉनवेज भोजन पकाने और परोसने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है. हालांकि यह प्रतिबंध केवल हॉस्टल की मेस व्यवस्था तक सीमित है. छात्रों की व्यक्तिगत खानपान की आजादी पर कोई रोक नहीं लगाई गई है. प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय हॉस्टलों में साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. यह कदम उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के निरीक्षण के बाद उठाया गया.

निरीक्षण में सामने आई थीं कई कमियां

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के KGMU दौरे के दौरान हॉस्टल व्यवस्था का निरीक्षण किया गया था. इस दौरान हॉस्टल मेस में साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता को लेकर कुछ कमियां सामने आईं. KGMU प्रवक्ता प्रो. केके सिंह के अनुसार, निरीक्षण के दौरान उन स्थानों पर विशेष ध्यान दिया गया जहां मांसाहारी भोजन तैयार किया जा रहा था. इसके बाद डीन स्टूडेंट वेलफेयर और चीफ प्रॉक्टर की सहमति से हॉस्टल मेस में नॉनवेज भोजन नहीं बनाने का फैसला लिया गया.

छात्रों पर नहीं लगी पूरी तरह रोक

नॉनवेज भोजन पर रोक के बाद छात्रों में यह सवाल उठने लगा कि क्या अब KGMU परिसर में मांसाहारी भोजन पूरी तरह प्रतिबंधित हो गया है? विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ किया है कि ऐसा नहीं है. प्रतिबंध सिर्फ हॉस्टल मेस के लिए लागू किया गया है. जो छात्र नॉनवेज खाना चाहते हैं, वे हॉस्टल के बाहर जाकर भोजन कर सकते हैं या ऑनलाइन फूड डिलीवरी के जरिए मंगवा सकते हैं.

राज्यपाल ने कहा- मेरा फोकस साफ-सफाई और गुणवत्ता पर था

दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बताया कि राजभवन की निरीक्षण टीम ने विश्वविद्यालय के तीन हॉस्टलों में नॉनवेज भोजन बनते हुए देखा था. हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने नॉनवेज पर रोक लगाने का कोई सीधा आदेश नहीं दिया था. उनका मुख्य उद्देश्य हॉस्टल में स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना था.

मेस में मिले थे एक्सपायर्ड मसाले

निरीक्षण के दौरान भोजन व्यवस्था से जुड़ी एक गंभीर लापरवाही भी सामने आई. राज्यपाल ने बताया कि 500 से अधिक छात्रों वाले दो हॉस्टल मेस में एक्सपायर्ड मसालों के इस्तेमाल की जानकारी मिली थी. उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए प्रशासन को भोजन की गुणवत्ता सुधारने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए. साथ ही छात्रों को बेहतर और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया.

हॉस्टलों में लगेंगी वॉशिंग मशीन और रोटी मशीन

राज्यपाल ने छात्रों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी हॉस्टलों में वॉशिंग मशीन लगाने और रोटी बनाने वाली मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. भोजन व्यवस्था से लेकर हॉस्टल सुविधाओं तक में सुधार किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: राम मंदिर में चढ़ावे का पूरा हिसाब अब होगा सार्वजनिक, घर बैठे वेबसाइट पर देख सकेंगे दान और खर्च का ब्यौरा


विज्ञापन
Tilak Kumar

लेखक के बारे में

By Tilak Kumar

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola