राम मंदिर के नाम मिला 4 करोड़ का चेक, बैंक पहुंचते ही सामने आया ऐसा राज कि हर कोई रह गया हैरान, बैंक भेजेगा नोटिस
राम मंदिर के नाम मिला 4 करोड़ का चेक
Ram Mandir Ayodhya: चेन्नई की एक महिला श्रद्धालु ने राम मंदिर के कर्मियों की सुविधाओं के लिए 4 करोड़ रुपये का चेक दिया था, जो बैंक में बाउंस हो गया. खाते में केवल 3 रुपये होने का खुलासा होने के बाद मामला गर्मा गया है. अब बैंक नोटिस भेजेगा और ट्रस्ट भी समाधान की कोशिश कर रहा है.
Ram Mandir Ayodhya: अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े दान के एक मामले ने सबको चौंका दिया है. चेन्नई की एक महिला श्रद्धालु ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को मंदिर कर्मियों की सुविधाओं के लिए चार करोड़ रुपये का चेक दिया था. लेकिन जब चेक को भुगतान के लिए बैंक में लगाया गया तो वह बाउंस हो गया. बैंकिंग प्रक्रिया के दौरान पता चला कि जिस खाते से चार करोड़ रुपये का चेक जारी किया गया था, उसमें उस समय केवल तीन रुपये की राशि मौजूद थी.
राम मंदिर के लिए अलग से दिए थे 10 हजार रुपये
जानकारी के मुताबिक, महिला श्रद्धालु ने चार करोड़ रुपये की राशि विशेष रूप से राम मंदिर से जुड़े कर्मियों की सुविधाओं पर खर्च करने के उद्देश्य से देने की बात कही थी. इसके अलावा उन्होंने राम मंदिर के लिए 10 हजार रुपये का अलग दान भी किया था. महिला की ओर से यह भी मांग रखी गई थी कि ट्रस्ट लिखित रूप से आश्वासन दे कि चार करोड़ रुपये की पूरी राशि कर्मियों की सुविधाओं पर ही खर्च की जाएगी.
लिखित आश्वासन नहीं मिलने के बाद बढ़ा मामला
बताया जा रहा है कि महिला श्रद्धालु की ओर से मांगे गए लिखित आश्वासन को लेकर ट्रस्ट की तरफ से कोई स्पष्ट सहमति नहीं दी गई. इसके बाद भी चेक बैंकिंग प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया गया, लेकिन खाते में पर्याप्त धनराशि नहीं होने के कारण भुगतान संभव नहीं हो सका. चार करोड़ रुपये जैसी बड़ी राशि का चेक बाउंस होने के बाद अब मामला बैंक और संबंधित पक्षों के स्तर पर गंभीर हो गया है.
बैंक भेजेगा नोटिस, मांगा जा सकता है स्पष्टीकरण
बैंकिंग नियमों के तहत चेक बाउंस होने की स्थिति में खाताधारक को इसकी सूचना दी जाती है. इसी प्रक्रिया के तहत अब चेक जारी करने वाली महिला को नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है. बैंक महिला से यह स्पष्टीकरण मांग सकता है कि खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के बावजूद इतनी बड़ी रकम का चेक क्यों जारी किया गया. चेक बाउंस होने के मामलों में परिस्थितियों के आधार पर आगे कानूनी प्रक्रिया का भी प्रावधान है.
ट्रस्ट और महिला के बीच समाधान की कोशिश
मामले में बैंक की प्रक्रिया के साथ-साथ ट्रस्ट की ओर से भी महिला श्रद्धालु से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है. हालांकि, इस पूरे मामले पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. ऐसे में बैंक की ओर से नोटिस भेजे जाने और संबंधित पक्षों के जवाब के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है.
2020 में भी बाउंस हुए थे करीब 100 करोड़ के चेक
राम मंदिर निर्माण के लिए वर्ष 2020 में चलाए गए निधि समर्पण अभियान के दौरान भी बड़ी संख्या में चेक प्राप्त हुए थे. करीब 45 दिनों तक चले अभियान में लगभग 3,500 करोड़ रुपये की सहयोग राशि जुटाई गई थी. उस दौरान करीब 100 करोड़ रुपये के चेक तकनीकी कारणों से बाउंस होने की जानकारी सामने आई थी. बाद में अधिकांश मामलों में चेक दोबारा जमा कराकर राशि की भरपाई कर ली गई थी, जबकि कुछ राशि की रिकवरी बाकी रहने की बात कही गई थी.
बड़े चेक की क्लियरिंग पर बढ़ सकती है अतिरिक्त सतर्कता
रामलला को हर महीने नकद, ऑनलाइन भुगतान और चेक समेत विभिन्न माध्यमों से करोड़ों रुपये का दान मिलता है. महिला श्रद्धालु का चार करोड़ रुपये का चेक बाउंस होने के बाद अब बड़ी रकम वाले चेक स्वीकार करने और उनकी बैंक क्लियरिंग प्रक्रिया में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा सकती है. फिलहाल सभी की नजर बैंक की अगली कार्रवाई और ट्रस्ट व महिला श्रद्धालु के बीच होने वाली बातचीत पर टिकी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए